78 लाख की ठगी के मामले में बैंक खाता बेचने वाले दो गिरफ्तार

हिन्दुस्तान, गुड़गांव
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक नागरिक से 78 लाख रुपये की ठगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ित को ठगा। पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी सैफ अली ने अपना बैंक खाता सौरभ कुमार को बेचकर ठगी में शामिल हुए।

78 लाख की ठगी के मामले में बैंक खाता बेचने वाले दो गिरफ्तार

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक नागरिक से 78 लाख रुपये की ठगी के मामले में खाता बेचने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद सैफ अली निवासी भागलपुर, बिहार और सौरभ कुमार निवासी गाजियाबाद, मूल निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले साल 28 नवंबर 2025 को एक पीड़ित ने साइबर अपराध दक्षिण थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया था कि 21 नवंबर से 28 नवंबर 2025 के दौरान अज्ञात साइबर ठगों ने खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताकर उसे वीडियो कॉल के जरिए 'डिजिटल अरेस्ट' कर लिया। ठगों ने उसे कानूनी कार्रवाई और जेल भेजने का डर दिखाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और अलग-अलग बैंक खातों में कुल 78 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, तो कड़ियां बैंक खातों से जुड़ती चली गईं。

बिहार और गाजियाबाद से दबोचे गए आरोपी

साइबर अपराध दक्षिण थाना के प्रबंधक निरीक्षक नवीन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी सैफ अली को तीन जून को भागलपुर (बिहार) से और सौरभ कुमार को 5 जून को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी सैफ अली को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था, जिससे इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ।

70 हजार का खाता सवा दो लाख में बेचा

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पीड़ित से ठगे गए 78 लाख रुपये में से अकेले 24 लाख रुपये आरोपी सैफ अली के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। सैफ अली ने महज 70 हजार रुपये के कमीशन के चक्कर में अपना यह बैंक खाता आरोपी सौरभ कुमार को बेच दिया था। सौरभ कुमार ने शातिर दिमाग लगाते हुए इसी बैंक खाते को आगे मुख्य साइबर अपराधियों को 2 लाख 20 हजार रुपये में बेचकर अपना मोटा मुनाफा कमाया।

52 शिकायतें पहले से दर्ज

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सैफ अली के इस अकेले बैंक खाते का इस्तेमाल देश के अलग-अलग राज्यों में भी साइबर ठगी के लिए किया जा रहा था। इस खाते में अवैध रूप से पैसे ट्रांसफर होने के संबंध में देश भर में पहले से 52 शिकायतें दर्ज हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

इस ठगी की कुल राशि कितनी थी?
इस ठगी की कुल राशि 78 लाख रुपये थी।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।