खेल विभाग बनवाएगा कमला नेहरू पार्क का स्वीमिंग पूल
कमला नेहरू पार्क के स्वीमिंग पूल (तरणताल) का निर्माण कराने से नगर निगम ने इंकार कर दिया है। पांच माह पहले नगर निगम सदन की बैठक में स्वीमिंग पूल का नए सिर से निर्माण कराने की मंजूरी दी गई थी। इसक बाद...
कमला नेहरू पार्क के स्वीमिंग पूल (तरणताल) का निर्माण कराने से नगर निगम ने इंकार कर दिया है। अब खेल विभाग ने स्वीमिंग पूल निर्माण कराने की जिम्मेदारी ली है। पीडब्लूडी से कार्ययोजना तैयार करने की सिफारिश की गई है।
खेल अधिकारियों ने कहा कि निगम की ओर से मना करने के बाद जिम्मेदारी संभाली है। अधिकारियों के मुताबिक डिजाइन तैयार करने के लिए आर्किटेक्ट को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि पांच माह पहले निगम सदन की बैठक में स्वीमिंग पूल का नए सिर से निर्माण कराने की मंजूरी दी गई थी। इसके बाद निगम ने न तो मौके पर पूल का सर्वे कराया और ना ही खेल विभाग से रिपोर्ट ली गई। उधर, नगर निगम के मुख्य अभियंता एनडी वशिष्ठ ने इसके बारे में कोई जानकारी नहीं होने से इंकार कर दिया।
स्वीमिंग पूल हो चुका है जर्जर
कमला नेहरू पार्क का तरणताल 25 मीटर लंबा तथा 12 मीटर चौड़ा है। इसमें प्रतिदिन 150 से अधिक तैराकी खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। स्वीमिंग पूल की हालत देखकर खेल विभाग यहां पर प्रतियोगिताएं कराने से इंकार करता रहा है।
आठ माह पहले तैयार किया था प्रस्ताव
26 फरवरी 2018 को उपायुक्त विनय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्थानीय कमला नेहरू पार्क में वर्तमान तरणताल के स्थान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर और सभी मौसम में अनुकूल तरणताल बनाने को मंजूरी दी गई थी। जिला खेल परिषद ने नए स्वीमिंग पूल का डिजाइन तैयार कराकर प्रस्ताव नगर निगम को निर्माण के लिए भेजा था। निर्माण में जमीन कम पड़ने पर निगम को देने को निर्देश दिए गए थे।
सदन की मंजूरी के बाद इंकार
गुरुग्राम नगर निगम सदन की बैठक 26 जुलाई 2018 को हुई थी। इसमें कमला नेहरू पार्क के स्वीमिंग पूल (तरणताल) को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए पार्षदों की सहमति के बाद प्रस्ताव को मंजूर किया गया था। मंजूरी हुए करीब 3 महीने से अधिक से समय बीत गया। लेकिन नगर निगम अधिकारियों ने इसके निर्माण कराने की सुध नहीं ली।
स्वीमिंग पूल को नए सिरे से निर्माण करने के लिए नगर निगम ने अभी तक कोई कदम नहीं उठाया है। खेल विभाग ने स्वीमिंग पूल निर्माण के लिए कार्ययोजना बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग से सिफारिश की है। डिजाइन तैयार कराने के लिए निर्देश दे दिए गए हैं। इसके बाद निगम पैसा देता है तो ठीक, अन्यथा विभाग खुद पैसा खर्च करेगा।
-परसराम, जिला खेल अधिकारी गुरुग्राम