ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR गुरुग्रामसुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाया

सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाया

गुरुग्राम। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती रविवर को गुरुग्राम में पराक्रम दिवस...

सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाया
हिन्दुस्तान टीम,गुड़गांवSun, 23 Jan 2022 06:00 PM
ऐप पर पढ़ें

गुरुग्राम। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती रविवर को गुरुग्राम में पराक्रम दिवस के रूप में धूमधाम से मनाई गई। नेताजी की जयंती पर शहर के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर उनके आज़ादी आंदोलन में दिए गये योगदान को याद किया गया। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी समिति ने सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद हाल में कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें नेताजी की फोटो पर पुष्प अर्पित कर उनके जीवन पर प्रकाश डाला। आजाद हिंद फौज (आईएनए)के नाम पर गुरुग्राम में एक चौक का नाम होना चाहिए। जिसके लिए उपस्थित जनसमूह ने हाथ उठाकर समर्थन किया। अतिथि द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर प्रकाशित एक पुस्तक नेताजी सुभाष प्रश्नोत्तरी का विमोचन किया। लोगों को वह पुस्तक वितरित भी की गई।

स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग:

समिति के जिलाध्यक्ष कपूर सिंह दलाल नेआह्वान किया कि हर साल इसी प्रकार से एकत्रित होकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाते रहें। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर आधारित एक कविता ‘खूनी हस्ताक्षर सुनाकर लोगों में जोश जगाया। समिति के महासचिव सूबेदार बिजेंद्र सिंह ठाकरान ने नेताजी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी समिति द्वारा किए गए कार्यों का विवरण लोगों के सामने प्रस्तुत किया। नेताजी सुभाष प्रश्नोत्तरी को हरियाणा के स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल करवाने की मांग की गई है। समिति की तरफ से उपस्थित जनसमूह को नेताजी के फोटो के साथ एक बैज भी लगाया गया।

बेहतर तरीके से मनाएंगे:

समिति के मीडिया सचिव अतर सिंह संधू ने कहा कि पूरे देश में युवा देश की आजादी के लिए नेताजी के योगदान को हमेशा याद रखेगा। समिति के सदस्य लेखराज सिंह राघव ने बताया कि यह समारोह हम हर साल इसे बेहतर तरीके से मनाने का प्रयास करेंगे। उपाध्यक्ष रोशन लाल यादव ने बताया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस अखंड भारत के प्रथम प्रधानमंत्री थे। जिन्होंने 21 अक्टूबर 1943 को आजाद हिंद सरकार की स्थापना की थी। 31 दिसंबर 1943 को अंडेमान निकोबार द्वीप में तिरंगा झंडा फहराया था। इस समारोह में नवीन गोयल, हरि सिंह सनसनवाल, राष्ट्र दहिया, बलराज सिंह अहलावत, कर्मवीर कटारिया, सिंह राघव, प्रमिला चाहर, मोना यादव, हवा सिंह, वेद रामपुरा, बनवारी लाल सिंगला के अलावा कई लोग उपस्थित रहे।

शहीदो के परिवारों को सम्मानित किया:

आज पूरे हरियाणा में महान क्रान्तिकारी व आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में शहीदी पार्क मानेसर में जयंती को बड़े धूमधाम से मनाया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पटौदी से विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने शिरकत की। विधायक जरावता ने शहीदो के परिवारों का फूल माला व शाल पहनाकर सम्मान किया। सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस का भारत की आजादी में अहम् योगदान है। उन्होंने देश को आजाद करने में जो भूमिका निभाई वह अमिट है। इस मौके पर देवेन्द्र यादव मंडल अध्यक्ष मानेसर, प्रवीन यादव अध्यक्ष युवा मोर्चा मंडल मानेसर, शशी यादव प्रधान आरडब्ल्यूए, अभिमन्यू थानेदार, अशोक यादव मानेसर, हेमलता यादव अध्यक्ष महिला मोर्चा मंडल मानेसर कई लोग उपस्तिथ रहे।

मानेसर में नेताजी के नाम पर सड़क का नामकरण किया:

आईएमटी मानेसर को बने हुए 22 वर्ष हो गए हैं। आईएमटी चौक से इंडस्ट्री एरिया में जाने वाली मुख्य सड़क का नाम न होने की वजह से आने जाने वालों को उसको पहचान करने में बहुत दिक्कत होती थी। लोग समझ नहीं पाते थे हम कहां पर खड़े हैं। इस समस्या को देखते हुए आईएमटी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन ने आजादी के वीर सपूत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर इस सड़क का नाम नेताजी सुभाष चंद्र बोस रखा। विधायक सत्यप्रकाश जरावता के साथ मिलकर पवन यादव अध्यक्ष आईएमटी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, महासचिव मनोज त्यागी ने इसका नामकरण व बोर्ड का अनावरण किया। इस मौके पर सचिव जय प्रकाश व प्रवीण शर्मा, श्रीभगवान, शशि यादव, सुनील पवार मौके पर मौजूद थे। पवन यादव ने बताया कि इस सड़क का नाम एक ऐसी शख्सियत के नाम पर रखा गया है जो लोगों के जीवन लिए प्रेरणा बनेगा। लोगों को देश के लिए मर मिटने की शक्ति देगा।

चार युवा खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

सेक्टर-4 के हुडा जिमखाना क्लब में ऑल इंडिया स्पोर्ट्स एंड कल्चरल फेडरेशन और राजपूत एकता फाउंडेशन ने मिलकर नेताजी की 125वीं जयंती का आयोजन किया। फेडरेशन के अध्यक्ष विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि कार्यक्रम में खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार युवा खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उनको ट्रैकसूट देकर सम्मान सम्मानित किया। इसमें एथलेटिक्स में जोगिंदर सिंह, स्केटिंग में दुर्गेश शेखावत, अजय सिंह व अजय भाटी शामिल है। इन खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन करके अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया। राजपूत एकता फाउंडेशन के अध्यक्ष नरसिंह सिंह ने युवाओं को अवगत कराया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस देश के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। देश की आजादी के लिए हिंद फौज का गठन किया था। इस मौके पर नर्सिंग सिंह, दिलीप सिंह, डीएन सिंह, भूपेंद्र सिंह, सतेंद्र सिंह, शिव कुमार चौहान, पूर्व सूबेदार मेजर ठाकुर संतोष छोकर, आरपी सिंह आदि मौजूद रहे।

जयहिंद बोलकर नेताजी को नमन किया:

पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा की ओर से रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 123वीं जयंती शहर में चार स्थानों और प्रदेशभर में 50 स्थानों पर मनाई गई। इस दौरान विभाग प्रमुख नवीन गोयल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करके नेताजी को नमन किया। उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। नवीन गोयल ने मनोहर नगर में भी तिरंगा फहराकर नेताजी की जयंती मनाई। इस अवसर पर ललित क्रांतिकारी, सरोज क्रांतिकारी, जयभगवान दहिया, सुशीला, गिरजा, उषा देवी, जतिन धनराज खत्री, लाल सिंह कटारिया, जसबीर कटारिया समेत काफी लोग उपस्थित रहे। वहीं देवीलाल कालोनी में भी नेताजी की जयंती का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा प्रदेश सह-संयोजक राजेश गुलिया, भाजपा किसान मोर्चा महामंत्री खेड़कीदौला मंडल रामपाल तंवर, आरडब्ल्यूए प्रधान लोहचब, मंदिर प्रधान श्रीराम, मनकामेश्वर मंदिर प्रधान विक्रम यादव, खुर्शीद, पवन यादव, मुकेश गुलिया, सुलेख खटाना आदि उपस्थित रहे। राजीव नगर में भारत विकास परिषद के सचिव डा. डीपी गोयल ने नेताजी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर ज्योत्सना कलसन, वैशाली तोमर, सतबीर साहू, कुलदीप सिंह, जतन बसोया, धर्म सिंह, नर सिंह, नेमी चंद, जुगेश कुमार आदि मौजूद रहे।

आदर्श मानकर नवभारत के निर्माण में योगदान दें:

सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती (पराक्रम दिवस) पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिकोहपुर के प्रांगण में बोस की प्रतिमा पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कस्बे के लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राव अभय सिंह, कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य अंजू चौधरी ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सरपंच सोचंद यादव उपस्थित रहे। राव अभय सिंह ने कहा कि युवाओं को चाहिए कि शहीदों को अपना आदर्श मानकर नवभारत के निर्माण में अपना अपना योगदान दें। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत वीर यादव ने कहा कि इतिहास में स्वतंत्र सेनानियों को आतंकवादी लिखकर उनके बलिदानों को भुलाने का प्रयास किया गया है। स्कूलों में पाठ्यक्रम में उन्हें नहीं पढ़ाया गया। यही कारण है कि 6 लाख से अधिक स्वतंत्रता सेनानी भी शहीद की श्रेणी में नहीं आ पा रहे हैं।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें