पेज-2 के लिए बोर्ड रिजल्ट की मुख्य खबर:गुरुग्राम के विद्यार्थियों ने बढ़ाया शहर का मान
विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्राप्त किए शानदार अंक पेज-2 के लिए बोर्ड रिजल्ट की मुख्य खबर:गुरुग्राम के विद्यार्थियों ने बढ़ाया शहर का मान

गुरुग्राम, साक्षी रावत। सीबीएसई द्वारा बुधवार दोपहर 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी होते ही गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राएं सुबह से ही परिणाम का इंतजार कर रहे थे और जैसे ही बोर्ड की वेबसाइट पर परिणाम घोषित हुआ, विद्यालयों और घरों में खुशी की लहर दौड़ गई। गुरुग्राम जिले के करीब 15 हजार विद्यार्थियों ने इस वर्ष 12वीं की परीक्षा दी थी। परीक्षा के लिए जिले में 40 से अधिक केंद्र बनाए गए थे, जहां फरवरी और मार्च माह में शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षाएं आयोजित कराई गई थीं। इस बार गुरुग्राम क्षेत्र का परिणाम पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर माना जा रहा है। गुरुग्राम रीजन के अंतर्गत आने वाले 12 जिलों के संयुक्त परिणाम ने भी बोर्ड की उपलब्धि को मजबूत किया। शहर के कई प्रमुख विद्यालयों का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। विज्ञान, वाणिज्य और मानविकी तीनों संकायों में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
परिणाम जारी होने के बाद विद्यालय परिसरों में विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।
अभिभावकों और शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना की। कई विद्यार्थियों ने सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया। खास बात यह रही कि इस बार केवल महानगर ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के विद्यालयों ने भी उत्कृष्ट परिणाम देकर अपनी अलग पहचान बनाई।
विद्यालयों में जश्न का माहौल:
परिणाम घोषित होने के बाद कई विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। कुछ विद्यालयों में विशेष सम्मान समारोह की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। इस बार भी छात्राओं का प्रदर्शन कई विद्यालयों में छात्रों से बेहतर रहा। विज्ञान और मानविकी संकाय में छात्राओं ने शीर्ष स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
सप्लीमेंट्री परीक्षा के लिए 2 जून से शुरू होगी प्रक्रिया:
सीबीएसई 12वीं परीक्षा में कम अंक आने वाले या अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए बोर्ड जुलाई में सप्लीमेंट्री परीक्षा आयोजित करेगा। इसके लिए 2 जून से एलओसी (लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स) प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विद्यालयों को विद्यार्थियों का विवरण ऑनलाइन जमा करना होगा। बोर्ड के अनुसार एक बार एलओसी स्वीकार होने के बाद विद्यार्थियों के नाम, विषय या अन्य विवरण में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जा सकेगा। ऐसे में विद्यालयों को पूरी सावधानी के साथ विवरण भरने के निर्देश दिए गए हैं।
15 जुलाई को होगी सप्लीमेंट्री परीक्षा:
सीबीएसई की ओर से जारी सूचना के अनुसार 12वीं कक्षा की सप्लीमेंट्री परीक्षा 15 जुलाई को आयोजित की जाएगी। जिन विद्यार्थियों के अंक कम आए हैं या जो उत्तीर्ण होने के लिए आवश्यक अंक प्राप्त नहीं कर सके हैं, उन्हें इस परीक्षा के माध्यम से अपना शैक्षणिक वर्ष बचाने का मौका मिलेगा। विद्यालयों में भी विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी को लेकर मार्गदर्शन देना शुरू कर दिया गया है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


