बिल्डर को फायदा पहुंचाने के लिए दौलताबाद फ्लाईओवर क्षतिग्रस्त किया
- स्थानीय छुटभैया नेता की मिलीभगत का आरोप, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया- स्थानीय छुटभैया नेता की मिलीभगत का आरोप, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया

गुरुग्राम, वरिष्ठ संवाददाता। एक बिल्डर को रास्ता देने के लिए दौलताबाद फ्लाईओवर को क्षतिग्रस्त किया गया। स्थानीय निवासियों की तरफ से यह आरोप लगाने के बाद रविवार को मौके पर विधायक मुकेश शर्मा पहुंच गए। विधायक ने लोगों को आश्वासन दिया कि सोमवार को इस रोड से जुड़े सभी अधिकारियों की बैठक लेकर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि दौलताबाद फ्लाईओवर का हिस्सा बिना प्रशासनिक अनुमति के कुछ छुटभैया नेताओं की शह पर एक बिल्डर को रास्ता देने के लिए तोड़ा गया है। सूरत नगर कॉलोनी के अंदर से निकल रहा रास्ता बिल्डरों की तरफ से विकसित या विकसित की जा रही सोसाइटियों की तरफ जाता है।
स्थानीय पार्षद सुरेखा चौहान ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह सरकारी संपत्ति है। बिना अनुमति के फ्लाईओवर को तोड़ना कानूनन अपराध है। यह यातायात के लिए बड़ा खतरा है। वहीं, कांग्रेस के शहरी अध्यक्ष पंकज डावर और कांग्रेस नेत्री सीमा पाहूजा ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की। डावर ने कहा कि यह गुंडागर्दी है। सरकार को कड़ा संज्ञान लेना चाहिए। जिस व्यक्ति ने इसे तुड़वाया है, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। विभागों की चुप्पी पर उठे सवाल सबसे शर्मनाक पहलू यह है कि फ्लाईओवर जैसे संवेदनशील ढांचे के साथ इतनी बड़ी छेड़छाड़ हुई, लेकिन पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और जीएमडीए के किसी भी अधिकारी ने अभी तक पुलिस विभाग में शिकायत नहीं दी है। स्थानीय पार्षद ने बताया कि फ्लाईओवर तोड़ने की जानकारी मिलने के बाद ही उन्होंने विधायक को सूचित किया था। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि भविष्य में यह किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। फ्लाईओवर की संरचनात्मक जांच करवाई जानी चाहिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



