
ट्रक का ब्रेक फेल होने से छह वाहन आपस में भिड़े
सोहना-तावडू मार्ग की घाटी में शनिवार को एक बेकाबू ट्रक की टक्कर से छह वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि किसी को गंभीर चोटें नहीं आईं। इस दुर्घटना के कारण घाटी में 4 से 6 घंटे तक लंबा जाम लगा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने जाम को खुलवाने में मदद की।
सोहना, संवाददाता। सोहना-तावडू मार्ग की घाटी में शनिवार को ब्रेक फेल होने के कारण एक बेकाबू ट्रक की टक्कर से एक के बाद एक कुल छह वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी वाहन चालक या यात्री को गंभीर चोटें नहीं आईं, लेकिन घाटी में इस कारण 4 से 6 घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे सैकड़ों यात्री परेशान हुए। घटना शनिवार दोपहर तावडू की तरफ से आ रहे एक ट्रक के साथ हुई। घाटी से नीचे उतरने के दौरान अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। अज्ञात ट्रक चालक ने हिम्मत न हारते हुए बड़े हादसे को टालने की कोशिश की।

ट्रक को काबू न होता देख, चालक ने उसे सीधे सामने चल रहे एक ट्राला में पीछे से टक्कर मार दी। चालक का उद्देश्य था कि ट्रक बेकाबू होकर सामने से आ रहे किसी वाहन से न टकराए और न ही खाई में गिरे। इस टक्कर के परिणामस्वरूप, घाटी में एक के बाद एक कुल छह वाहन (जिनमें कैंटर, ट्राला और कई कारें शामिल थीं) आपस में टकरा गए। वाहनों के शीशे, बम्पर, खिड़कियाँ और अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक अस्पताल और आसपास के क्लीनिकों में दाखिल कराया गया। घंटों रहा जाम, पुलिस ने खुलवाया वाहनों की भिड़ंत के बाद घाटी में तुरंत वाहनों का पहिया थम गया। घाटी से उतरने और चढ़ने वाले दोनों तरफ के रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे सैकड़ों वाहन फंस गए। सूचना मिलते ही शहर थाना और ट्रैफिक पुलिस कर्मी मौके पर पहुँचे। पुलिस कर्मियों ने करीब आधा घंटे के अथक प्रयास के बाद जाम में फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाना शुरू किया और यातायात को सुचारु करने में सफलता पाई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




