Gurgaon News: क्षमावाणी महापर्व में दो विभूतियों का सम्मान किया
Gurgaon News: जैन समाज ने भव्यता से मनाया क्षमावाणी महापर्व क्षमावाणी महापर्व में दो विभूतियों का सम्मान किया

Gurgaon News: गुरुग्राम, अमर मौर्य। जैकबपुरा के श्री1008 पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में गुरुवार को दिगंबर जैन मुनि सेवा समिति की ओर से वार्षिक क्षमावाणी महापर्व संपन्न हुआ। इसमें दो विभूतियों को सम्मानित किया। इसमें रचित मुनि महाराज, तेजस मुनि महाराज, नवनीत मुनि महाराज और विनीत मुनि महाराज शामिल रहे। हरियाणा मानव अधिकार आयोग के सदस्य (न्यायिक) कुलदीप जैन और सेक्टर-14 जैन समाज के प्रधान रविंद्र जैन विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत
जैन मंदिर प्रबंध कमेटी के प्रधान नरेश कुमार जैन ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मंत्रोच्चारण के साथ भक्तिमय माहौल में हुई। वामा महिला मंडल की सदस्यों ने सुमधुर मंगलाचरण प्रस्तुत किया, जिसके बाद महिला मंडल धार्मिक भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दी। जैन समाज के प्रवक्ता अभय जैन ने बताया समारोह में समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाली दो विभूतियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें विशेष सम्मान स्व. पुष्पचंद जैन को दिया गया। वे जैन समाज में लगातार 35 से 40 वर्षों तक मंदिर के प्रधान, महामंत्री और कोषाध्यक्ष जैसे पदों पर निस्वार्थ और ईमानदारी से सेवा करते रहे। उनके परिवार ने यह सम्मान ग्रहण किया।
चिकित्सा सेवा सम्मान
चिकित्सा सेवा सम्मान डॉ. नरेश कुमार जैन को दिया गया। वे हरियाणा सरकार के स्वास्थ्य विभाग में मुख्य चिकित्सा अधिकारी व महानिदेशक जैसे सर्वोच्च पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। डॉ. नरेश कुमार जैन को उनकी निस्वार्थ चिकित्सा सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। सेवा समिति के प्रधान मुनेश जैन, उप-प्रधान संदीप जैन, महामंत्री सचिन जैन, सह-मंत्री अशोक जैन और कोषाध्यक्ष विपिन जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे。

