जिले की 91 औद्योगिक इकाईयों में इस्तेमाल डीजल की जांच होगी
गुरुग्राम, दीपक आहूजा। जिले की 91 औद्योगिक इकाईयों में इस्तेमाल डीजल की जांच होगी।

गुरुग्राम, दीपक आहूजा। जिले की 91 औद्योगिक इकाईयों में इस्तेमाल डीजल की जांच होगी। इस सिलसिले में अतिरिक्त उपायुक्त ने बुधवार को अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। इन इकाईयों में जांच होगी कि इन्होंने डीजल अधिकृत स्रोतों से ही खरीदा है। जांच के अनियमितता या नियमों की अवहेलना सामने आती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट ने हाई स्पीड डीजल और पेट्रोल की असामान्य बिक्री व अवैध अंतर्राज्यीय परिवहन पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की अवैध बिक्री और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सभी एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य करें।
आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।उन्होंने सभी पेट्रोल पंपों की दैनिक बिक्री पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी पेट्रोल पंप पर डीजल या पेट्रोल की बिक्री में अचानक असामान्य वृद्धि दिखाई देती है तो उसका तत्काल ऑडिट और निरीक्षण किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि पेट्रोल पंपों से अनधिकृत टैंकरों या ऐसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को थोक मात्रा में ईंधन की आपूर्ति नहीं हो, जिन्हें नियमों के अनुसार सीधे ऑयल मार्केटिंग कंपनियों से ईंधन प्राप्त करना आवश्यक है।उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम पदार्थों की अवैध बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लाइंग स्क्वाड टीमों का गठन किया है। इनमें एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल हैं। यह टीम लगातार फील्ड में रहकर निगरानी करेंगी। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि मिलने पर तत्काल कार्रवाई करेंगी। उन्होंने तेल कंपनियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेट्रोल पंपों पर एक बार में हुई बड़ी ईंधन बिक्री और ट्रांजेक्शनों का विवरण डीएफएससी कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए। इससे किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता की पहचान कर दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी। बैठक में डीआरओ विजय यादव, एसीपी उद्योग विहार कुलदीप कुमार, डीएफएससी केके गोयल, ईटीओ दिनेश कुमार, ईटीओ डॉ. अमरिंदर सिंह, आईओसीएल से आकाश श्योराण, संदीप, जीपीपीडीए के प्रेजिडेंट मनीष यादव आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


