विश्व कैडेट कप में नन्हा रिनेक देश के लिए खेलेगा
गुरुग्राम के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले सात वर्षीय रिनेक सिंह कादयान का चयन वर्ल्ड कैडेट कप अंडर-8 शतरंज प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 15 से 28 जून तक जॉर्जिया के बाटुमी में होगी। रिनेक ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा से पहचान बनाई है और वर्तमान में अंडर-8 में उनकी विश्व रैंकिंग 27वीं है।

गुरुग्राम, साक्षी रावत। शहर के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाला सात वर्षीय छात्र अब विश्व शतरंज की बिसात पर भारत की उम्मीदों का भार संभालेगा। राजकीय प्राथमिक विद्यालय सेक्टर-31 के कक्षा चौथी के छात्र रिनेक सिंह कादयान का चयन वर्ल्ड कैडेट कप अंडर-8 शतरंज प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 15 से 28 जून तक जॉर्जिया के बाटुमी शहर में आयोजित होगी, जिसमें रिनेक भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। मूल रूप से झज्जर जिले के गांव बेरी के निवासी रिनेक ने बेहद कम उम्र में अपनी असाधारण प्रतिभा से पहचान बनाई है। महज साढ़े तीन वर्ष की आयु में शतरंज की बिसात पर कदम रखने वाले रिनेक ने चार वर्षों के भीतर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
वर्तमान में अंडर-8 में उनकी विश्व रैंकिंग 27वीं है, जो प्रतिभा और निरंतर प्रदर्शन का प्रमाण है।रिनेक पिछले वर्ष हरियाणा राज्य शतरंज चैंपियन का खिताब जीत चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक और सम्मान हासिल किए हैं। लगातार शानदार प्रदर्शन के कारण ही उन्हें विश्व स्तर की इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


