Hindi NewsNcr NewsGurgaon News58-Year-Old Businessman Killed in Hit-and-Run Cycling Accident in Gurugram
तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिलिंग कर रहे कारोबारी की मौत

तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिलिंग कर रहे कारोबारी की मौत

संक्षेप:

गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-दो में एक 58 वर्षीय कारोबारी अमिताभ जैन को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। परिवार ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें जानबूझकर टक्कर मारने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Dec 04, 2025 11:21 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share Share
Follow Us on

गुरुग्राम। पॉश इलाके डीएलएफ फेज-दो में बुधवार सुबह साइकिलिंग कर रहे 58 वर्षीय एक कारोबारी अमिताभ जैन को पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएलएफ फेज-दो के आकाश नीम मार्ग पर बुधवार सुबह करीब सवा सात बजे यह हादसा हुआ। मृतक अमिताभ जैन डीएलएफ-दो के ही निवासी थे। उनका दवा का कारोबार था। हालांकि, कुछ समय से वह इस कारोबार को छोड़ चुके थे। परिजनों ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह साइकिलिंग के लिए निकले थे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

हादसे की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि सेंट्रो कार का ड्राइवर सड़क पर दूसरी ओर पर्याप्त जगह होने के बावजूद अपनी कार को साइकिल सवार से दूर नहीं मोड़ता है, बल्कि सीधे पीछे से टक्कर मारता है। बिना रुके वह मौके से तेजी से फरार हो जाता है। गंभीर रूप से घायल अमिताभ जैन को आनन-फानन में पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके परिवार में सरकारी नौकरी से सेवानिवृत पत्नी, लंदन में कार्यरत बेटा और बेंगलुरु में कार्यरत बेटी हैं। दिल्ली के पते पर पंजीकृत है कार मृतक के परिजनों ने पुलिस को दी गई शिकायत में जानबूझकर टक्कर मारने की आशंका जताई है। हालांकि, उन्होंने किसी भी व्यक्ति से दुश्मनी होने से इनकार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार दिल्ली के फतेहपुर बेरी के पते पर पंजीकृत है। स्थान की पहचान कर ली गई है। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि कार चालक आरोपी की पहचान की जा रही है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि यह हादसा मात्र लापरवाही था या इसके पीछे कोई अन्य मंशा थी।