ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR गुरुग्राममिलेनियम सिटी में चार घंटे तक बूंदाबांदी, पारा गिरा

मिलेनियम सिटी में चार घंटे तक बूंदाबांदी, पारा गिरा

मिलेनियम सिटी में पश्चिमी गड़बड़ी से मंगलवार को चार घंटे तक बूंदाबांदी हुई। चार घंटे में करीब 3 एमएम पानी गिरने से मौसम खुशनुमा हो गया। दूसरी तरफ बारिश के बाद तापमान में 5 डिग्री की रिकार्ड गिरावट...

मिलेनियम सिटी में चार घंटे तक बूंदाबांदी, पारा गिरा
हिन्दुस्तान टीम,गुड़गांवTue, 23 Jan 2018 11:33 PM
ऐप पर पढ़ें

मिलेनियम सिटी में पश्चिमी गड़बड़ी से मंगलवार को चार घंटे तक बूंदाबांदी हुई। चार घंटे में करीब 3 एमएम बारिश दर्ज की गई। दूसरी तरफ, बारिश के बाद तापमान में 5 डिग्री की रिकार्ड गिरावट आई है।

शहर में पश्चिमी गड़बड़ी के प्रभाव से बादलों ने सुबह से ही दस्तक दे दी। थोड़ी देर बाद चली ठंडी हवा के साथ 10 बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। कभी तेज तो कभी रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला दोपहर दो बजे तक चला। इसके बाद मौसम साफ होने लग गया। शहर का अधिकतम तापमान सोमवार के मुकाबले 5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की गई। आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 19.8 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस आंका गया।

कोहरे के बीच मनेगा गणतंत्र दिवस

शहर में हल्के कोहरे के बीच गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। भारतीय मौसम विभाग ने हल्का कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बारिश के बाद मॉयश्चर बढ़ने से कोहरा लौटेगा। गणतंत्र दिवस पर कोहरे की हल्की चादर रहेगी।

अमृत साबित होगी बारिश

फसलों के लिए बारिश अमृत साबित होगी। बारिश का सबसे ज्यादा फायदा गेहूं की फसल में होगा। गेहूं की पैदावार पिछले रिकार्ड तोड़ सकती है। इसके अलावा सरसों की फली मोटी होगी और तेल की मात्रा अधिक रहेगी। इसके अलावा किसानों को फिलहाल पानी भी नहीं देना होगा। इससे प्रत्येक एकड़ के हिसाब से करीब 5 हजार रुपये की बचत होगी। मालूम हो कि गुरुग्राम के करीब 25 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में खेती की गई है।

जाम का करना पड़ा सामना

बारिश के बाद शहरवासियों को जाम का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण सोहना रोड पर जाम की स्थिति रही। दोपहर बाद तक वाहन रेंगते नजर आए। इसके अलावा सिरहौल पर जाम लगने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागम प्रभावित रहा। सिरहौल पर दिल्ली जाने वाले ट्रकों को रोके जाने से दूसरे चार पहिया वाहनों को निकलने में दिक्कत हुई।

बारिश के बाद आगामी दो से तीन दिनों में ठंड बढ़ेगी। इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने लग जाएगा। 25 जनवरी के बाद लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना नहीं करना पड़ेगा।

-डॉ. आशीष मित्रा, वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक (एनसीएमआरडब्ल्यूएफ)

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें