
ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग युवक ने की आत्महत्या
सोहना के दौला गांव में एक 25 वर्षीय युवक अजयपाल सिंह ने ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों ने मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने एक महिला समेत आठ लोगों के...
सोहना, संवाददाता। शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दौला गांव के एक 25 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान दवा बिक्रेता अजयपाल सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने एक महिला समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना शुक्रवार की सुबह करीब ढाई बजे हुई, जब अजयपाल ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने अपनी पत्नी की साड़ी का इस्तेमाल कर पंखे से फंदा लगाया।
सुबह जब अजयपाल अपने कमरे से बाहर नहीं आया, तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर उनका कलेजा कांप उठा, जब उन्होंने उसे फांसी के फंदे पर लटका पाया। तुरंत ही इसकी सूचना सदर थाना सोहना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई विजयपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि अजयपाल सिंह पिछले कुछ समय से अपने ससुराल वालों की प्रताड़ना से बेहद परेशान था। विजयपाल के अनुसार उसके भाई को ससुराल पक्ष के लोग एक पुराने मामले को वापस लेने का दबाव बना रहे थे। करीब एक महीने पहले 12 अगस्त को अजयपाल को उसके साले नितेश ने केआर मंगलम यूनिवर्सिटी के पास बुलाया था, जहां कई अन्य युवकों ने उसके साथ मारपीट की थी और जान से मारने की धमकी भी दी थी। अजयपाल ने इस घटना के बाद शहर थाना सोहना में मामला दर्ज कराया था। सदर थाना सोहना के प्रभारी सुखपाल ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों में मृतक का साला नितेश, राजकुमार, किशनजी, सचिन, संतोष, मीरा और दो अन्य नामजद हैं। परिजनों की मांग पर शव का पोस्टमार्टम बोर्ड के द्वारा कराया गया है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




