पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में आया बड़ा बदलाव: राव इंद्रजीत
केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीब कल्याण, विकास और बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। वे प्रबुद्धजन सम्मेलन में सुझावों का स्वागत करते हुए, पर्यावरण संरक्षण एवं युवा स्वास्थ्य जांच पर भी जोर दिया।

गुरुग्राम, अमर मौर्य। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं गुरुग्राम सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास के नए मानक स्थापित करने वाले रहे हैं। इन वर्षों में देश ने गरीबी उन्मूलन, खाद्य सुरक्षा, वित्तीय समावेशन, आवास, पेयजल, स्वच्छता और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। राव इंद्रजीत सिंह शुक्रवार को गुरुग्राम में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरा होने पर प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय के जनसंपर्क अभियान के तहत जनता से सीधे संवाद किया जा रहा है। इस दौरान लोगों ने सरकार की उपलब्धियों की सराहना भी की है। कुछ लंबित कार्यों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया है।
दक्षिण हरियाणा क्षेत्र के विकास कार्य
केंद्रीय मंत्री ने विशेषकर दक्षिण हरियाणा क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि माजरा में दूसरे एम्स की स्थापना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। द्वारका एक्सप्रेसवे पर 9 हजार करोड़ रुपये, गुरुग्राम-सोहना मार्ग परियोजना पर लगभग 2 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना पर निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जबकि मानेसर क्षेत्र में एलिवेटेड सड़क परियोजना पर भी कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। पुराने गुरुग्राम को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने के लिए गुरुग्राम मेट्रो परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। रेलवे अवसंरचना और कनेक्टिविटी से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर भी बड़े स्तर पर निवेश किया गया है। केंद्र और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों तथा विकास कार्यों के कारण जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार बढ़ा है। हरियाणा में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर नया इतिहास रचा है। आने वाले समय में भी विकास एवं सुशासन की इसी गति को बनाए रखा जाएगा।
विकसित भारत के निर्माण में प्रबुद्धजनों की सहभागिता
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरा होने पर सेक्टर-17 स्थित ब्लिस प्रीमियर गार्डन में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रबुद्धजनों, विशेषज्ञों और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके सुझावों और अनुभवों से देश के विकास को नई दिशा और गति मिलती है। केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित शासन व्यवस्था स्थापित की है। सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा
सम्मेलन में उद्योग, शिक्षा, खेल, सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार चर्चा की गई। केंद्रीय मंत्री ने उपस्थित प्रबुद्धजनों से विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यक सुधारों और विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में सुझाव भी आमंत्रित किए।
आधारभूत ढांचे का विकास और सुझाव
बुद्धिजीवियों ने देश में आधारभूत ढांचे के अभूतपूर्व विस्तार, डिजिटल क्रांति, कर प्रणाली में सुधार तथा जीएसटी व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कौशल विकास तथा नागरिक सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अपने विचार एवं सुझाव भी साझा किए। राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा जब सरकार और समाज मिलकर कार्य करेंगे। कार्यक्रम में पटौदी विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, भाजपा के आर्थिक प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि खेत्रपाल समेत अन्य उपस्थित रहे।
पर्यावरण संरक्षण का आह्वान
केंद्रीय मंत्री ने सेक्टर-29 के महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क (लेजर वैली) में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने पार्क परिसर में स्थापित एक वाटर कूलर भी समर्पित किया। सार्वजनिक स्थलों पर इस प्रकार की सुविधाएं आम लोगों को राहत प्रदान करेगी। इस मौके भाजपा नेता मनीष यादव, नारायण सिंह, रविंद्र जैन, मानेसर निगम के संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव, डीएचबीवीएन से कार्यकारी अभियंता कुलदीप नेहरा उपस्थित रहे।
युवाओं से संवाद
केंद्रीय राज्य मंत्री ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरा होने पर स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग द्वारा सेक्टर-14 स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में परामर्श व जांच सुविधाओं की जानकारी ली। केंद्रीय मंत्री ने स्वास्थ्य जांच करवाने पहुंचे युवाओं से संवाद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से कई गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव होती है। इस अवसर पर मेयर राजरानी मल्होत्रा, डिप्टी सीएमओ डॉ. अनुज गर्ग, जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी समेत अन्य उपस्थित रहे।
---------
पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


