लाइट खराब हुई तो भड़का 'हथियारबंद' दूल्हा, इलेक्ट्रिशियन को गोलियों से भूना; फरार
पुलिस ने इस मामले में मृतक के ससुर की शिकायत पर दूल्हे अमनदीप समेत 3 पर हत्या का केस दर्ज कर किया है और एक आरोपी हर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। दूल्हा अमनदीप और उसका दूसरा साथी साहिल फरार हैं।

गुरुग्राम में एक खौफनाक मामला सामने आया है। गांव रणसीका में सगाई समारोह में लाइटिंग पसंद न आने पर दूल्हे ने इलेक्ट्रिशियन की गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान यूपी के मथुरा के रहने वाले 23 साल के बरकत के रूप में हुई है। वह 3 बच्चों का पिता था और पटौदी के गांव खेतीयावास निवासी विकास के श्री श्याम टैंट हाउस के लिए काम करता था। पुलिस ने इस मामले में मृतक के ससुर की शिकायत पर दूल्हे अमनदीप समेत 3 पर हत्या का केस दर्ज कर किया है और एक आरोपी हर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। दूल्हा अमनदीप और उसका दूसरा साथी साहिल फरार हैं।
एलईडी लाइट में खराबी आई तो बरसा दी गोलियां
श्याम टैंट हाउस के संचालक विकास ने बताया कि उसने गांव रणसीका में रामानंद के बेटे अमनदीप की सगाई प्रोग्राम में टैंट लगाने का ठेका लिया था। गुरुवार में दिन से ही बरकत, मुस्तफा और नूंह का युसूफ लाइटिंग करने में जुटे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे सगाई समारोह के दौरान एक एलईडी लाइट में खराबी आ गई जिससे दूल्हा अमनदीप भड़क गया। वह अपने दोस्तों साहिल और हर्ष के साथ आया और मुस्तफा, यूसुफ, बरकत को गालियां देना शुरू कर दिया। तीनों के साथ मारपीट भी की। बरकत के ससुर हासिम ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि थोड़ी देर बाद दूल्हा अमनदीप और उसके साथी हथियार लेकर लौटे। यह देख बरकत, मुस्तफा और यूसुफ डर के मारे टैंट की तरफ भागने लगे। दूल्हे और उसके साथियों ने फायरिंग कर दी। बरकत गोली लगने से लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। इससे समारेाह में अफरातफरी मच गई।
तीन गोलियां लगी, ज्यादा खून बहने से मौत
सूचना मिलते ही पटौदी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बरकत को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि बरकत को तीन गोलियां लगी थी। ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद पलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बरकत की मौत से उसके परिवार में मातम पसरा है। तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। बरकत परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत से घर पर मुसीबतों का पहाड़ टूट गया है। परिवार ने सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि अपराध शाखा फर्रखनगर की पुलिस टीम ने एक आरोपी हर्ष निवासी बसई, जिला गुरुग्राम को अरेस्ट किया है। दूल्हे अमनदीप और उसके दोस्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है और जल्द ही दोनों को पकड़ लिया जायेगा।
रिपोर्ट: मोनी देवी

लेखक के बारे में
Mohitलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




