
गुरुग्राम के होटल में मारपीट और हंगामा, 5 विदेशी नागरिकों संग होटल मालिक और मैनेजर भी गिरफ्तार
गुरुग्राम सेक्टर-38 स्थित एक होटल में हंगामा करने और यहां पर ठहरे लोगों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से पांच नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।
गुरुग्राम सेक्टर-38 स्थित एक होटल में हंगामा करने और यहां पर ठहरे लोगों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से पांच नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन कर विदेशियों को ठहराने पर होटल मालिक और मैनेजर को भी गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को थाना सदर पुलिस टीम को सेक्टर-38 स्थित एक निजी होटल में विदेशी नागरिकों द्वारा लड़ाई-झगड़ा करने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो होटल से कुछ विदेशी मूल के नागरिक निकलकर भागते हुए दिखाई दिए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच विदेशियों को काबू कर लिया। इन विदेशियों की पहचान नाइजीरिया निवासी केविन, इकेचुकवु, डीलुचुकवु, ओतुनबा उर्फ गेंबा और महिला बेला फोसुआ के रूप में हुई। पुलिस ने इन सभी विदेशी नागरिकों से उनके वीजा, पासपोर्ट और संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन उनमें से किसी ने भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए। ऐसे में इनके खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने इस मामले में भिवानी की मान कॉलोनी निवासी विक्टर सिंह और यूपी के हापुड़ के गांव सैलानी निवासी रिंकू को गिरफ्तार किया है।
नियम उल्लंघन पर होटल मालिक पर भी केस : विक्टर इस होटल का मालिक है, जबकि रिंकू मैनेजर है। जांच में सामने आया कि होटल मालिक और मैनेजर ने इन नाइजीरियाई मूल के नागरिकों का ‘सी-फॉर्म’ नहीं भरा था। पुलिस को विदेशियों के रुकने की सूचना नहीं दी। नियमों का उल्लंघन कर इन्हें ठहराने पर मामला दर्ज किया है।





