
ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी को जोड़ेगी 25 KM लंबी नई सड़क, 1700 करोड़ का प्रोजेक्ट
यमुना विकास प्राधिकरण (यीडा) ने ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी को जोड़ने के लिए 25 किलोमीटर लंबी नई सड़क बनाने की तैयारी शुरू कर दी है, जिस पर ज़मीन अधिग्रहण और निर्माण सहित कुल 1700 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च आएगा और इससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट की 130 मीटर चौड़ी सड़क को अब यमुना सिटी से जोड़ने की तैयारी है। यमुना विकास प्राधिकरण (यीडा) ने क्षेत्र में बनने वाली 25 किलोमीटर सड़क के लिए भूमि खरीद और सड़क का निर्माण एनएचएआई से कराने की योजना बनाई है।
प्राधिकरण के अधिकारी ने बताया कि 130 मीटर चौड़ी सड़क ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी गोल चक्कर से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-1, 2, 3, 5, ईटा, जीटा, ओमीक्रॉन से होते हुए सिरसा तक बनी है। इससे आगे यह सड़क यमुना प्राधिकरण के सेक्टरों को आपस में जोड़ेगी। यह सड़क अलाउदा गांव से शुरू होकर एयरपोर्ट के पास से होकर एनसीआर प्लानिंग बोर्ड द्वारा प्रस्तावित पलवल-खुर्जा एक्सप्रेसवे से मिलेगी। यह सड़क 25 किलोमीटर लंबी बनेगी, जिसके लिए प्राधिकरण को करीब 812 एकड़ भूमि खरीदनी होगी। जमीन खरीद पर 1400 करोड़ से अधिक खर्च आएगा। सड़क के निर्माण में 300 करोड़ रुपये लगेंगे। हालांकि, जमीन टुकड़ों में खरीदने पर विचार है।
पहले एयरपोर्ट के पास सेक्टर-8डी, 8सी और सेक्टर-7 के पास पांच किलोमीटर सड़क के लिए 162 एकड़ भूमि खरीदी जाएगी, जिस पर 280 करोड़ खर्च आएगा। सड़क ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (केजीपी) को जोड़ते हुए यमुना सिटी के अलाउदा गांव से शुरू होगी और एक तरफ सेक्टर-16, 14, 13, 12, 11, 10, 9, 8 और दूसरी तरफ से सेक्टर-7, 6, 5, 4, 3, 2, 1 को जोड़ेगी। सड़क के बनने से नोएडा, ग्रेनो और यमुना सिटी तक पहुंच आसान हो जाएगी। साथ ही, शहर में प्रवेश के लिए यमुना एक्सप्रेसवे और 60 मीटर सड़क पर लोगों की निर्भरता कम होगी।
लिंक एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगी : यह सड़क यीडा के सेक्टर-11 के बगल से सेक्टर-21 होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे से मिलने वाले प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए प्रस्तावित 74 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगी। इससे सेक्टरों का यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ जुड़ाव हो जाएगा। वहीं, आगरा, मथुरा, अलीगढ़ की तरफ से आने वाले लोगों को भी परी चौक आने की जरूरत नहीं होगी। वाहन सेक्टर-21 में ही उतरकर फिल्म सिटी समेत सेक्टरों में प्रवेश कर सकेंगे।





