काम की बात: फरीदाबाद-जेवर एयरपोर्ट तक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर QR कोड बनेंगे मार्गदर्शक, कैसे आएंगे काम?

लाइव हिन्दुस्तान
share

 Greenfield Expressway : फरीदाबाद-जेवर एयरपोर्ट तक बन रहा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे कई मायनों में खास होने वाला है। एनएचएआई द्वारा एक्सप्रेसवे पर जगह-जगह क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं, जिससे महज कुछ सेकेंड में परियोजना से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी।   

greenfield expressway
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे - AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

फरीदाबाद में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले लोगों के लिए डिजिटल तकनीक मार्गदर्शक बनेगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इसे लेकर एक्सप्रेसवे से जुड़ी जानकारियां आम लोगों तक आसानी से पहुंचाने के लिए जगह-जगह क्यूआर कोड लगाए हैं।

मोबाइल फोन से कोड को स्कैन करते ही एक्सप्रेसवे परियोजना से संबंधित सभी उपलब्ध जानकारियां डिजिटल माध्यम से सेकेंडों में देखी जा सकेंगी, जिससे लोगों को एक्सप्रेसवे की विशेषताओं, निर्माण संबंधी विवरण और परियोजना के अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं को समझने में आसानी होगी। हालांकि, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे अभी चालू नहीं हुआ है।

फरीदाबाद से जेवर तक बन रहा एक्सप्रेसवे

स्मार्ट सिटी फरीदाबाद के सेक्टर-65 से नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना के तहत ग्रेटर फरीदाबाद स्थित दयालपुर के केजीपी इंटरचेंज से लेकर नोएडा तक सड़क निर्माण कार्य 60 से 70 फीसदी पूरा कर लिया गया है। सड़क निर्माण के साथ ही जगह-जगह बोर्ड और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही जगह-जगह क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं। एनएचएआई की इस पहल का उद्देश्य लोगों को एक ही माध्यम से परियोजना से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराना है। मोबाइल फोन और इंटरनेट की मदद से वे परियोजना का विवरण देख सकेंगे।

लोगों का समय और मेहनत की बचेगी

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए लोगों को अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। इसके बाद संबंधित डिजिटल पेज खुलेगा, जहां परियोजना से जुड़ी उपलब्ध सूचनाएं देखी जा सकेंगी। इससे लोगों के समय और मेहनत की बचत होगी।

डिजिटल तकनीक से पहुंच होगी आसान

सड़क और राजमार्ग परियोजनाओं में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। अब निर्माण कार्यों और परियोजनाओं से जुड़ी जानकारियों को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर क्यूआर कोड का प्रयोग इसी दिशा में एक कदम है। इसके जरिये वाहन चालकों, स्थानीय लोगों और परियोजना में रुचि रखने वालों को जरूरी जानकारी प्राप्त करने का सुविधाजनक माध्यम मिलेगा। डिजिटल व्यवस्था से लोगों को परियोजना के विभिन्न पहलुओं को समझने में मदद मिलेगी।

धीरज सिंह, परियोजना निदेशक, ''ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जुड़ी जानकारियां लोगों तक आसानी से पहुंचाने के लिए क्यूआर कोड का प्रयोग किया गया है। इसे स्कैन करके लोग परियोजना से संबंधित उपलब्ध विवरण देख सकेंगे। इसका उद्देश्य प्रक्रिया को सरल बनाना है।''

बता दें कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद फरीदाबाद से जेवर तक की दूरी महज चंद मिनटों में पूरी हो सकेगी। इससे जहां लोगों को लंबा चक्कर लगाने से राहत मिलेगी, वहीं सड़कों पर जाम भी कम होगा।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsफरीदाबाद-जेवर एयरपोर्ट तक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर QR कोड बनेंगे मार्गदर्शक