काम की बात: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 2 सोसाइटियों में 1500 फ्लैट खरीदारों को रजिस्ट्री की आस जगी

हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
Follow us on Google News
share

इलाहाबाद हाईकोर्ट से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की दो सोसाइटियों में रहने वाले 1500 से अधिक फ्लैट खरीदारों के लिए अच्छी खबर आई है। हाईकोर्ट ने प्राधिकरण को फ्लैटों की रजिस्ट्री पर तीन महीने में फैसला लेने के आदेश दिए हैं।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 2 सोसाइटियों में 1500 फ्लैट खरीदारों को रजिस्ट्री की आस जगी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16सी स्थित रेडिकॉन वेदांतम और सेक्टर-4 स्थित एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के करीब 1500 से अधिक खरीदारों के फ्लैट की रजिस्ट्री का रास्ता साफ होने की उम्मीद है। इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को 90 दिनों में इस पर निर्णय लेकर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। दोनों परियोजनाओं के खरीदार मालिकाना हक पाने के लिए कई वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं।

नेफोमा के मुख्य सलाहकार दीपक दूबे ने बताया कि रेडिकॉन वेदांतम सोसाइटी में कुल 800 फ्लैट हैं। पूर्व में 80 खरीदारों के फ्लैट की रजिस्ट्री हो चुकी है, लेकिन शेष 700 से अधिक खरीदार फ्लैट पर मालिकाना हक पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कुछ वर्ष पूर्व रजिस्ट्री की मांग को लेकर सोसाइटी के 146 खरीदारों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। वहीं, एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में कुल 1150 फ्लैट हैं। इनमें सिर्फ 400 फ्लैट की रजिस्ट्री हो सकी है। शेष 700 से अधिक खरीदार रजिस्ट्री के लिए भटक रहे हैं। रजिस्ट्री की मांग को लेकर 94 लोगों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।

जस्टिस कुनाल रवि सिंह और जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी की डिवीजन बेंच ने 6 जुलाई को याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि प्रतिनिधित्व कानून के अनुसार तीन माह यानी 90 दिनों में निर्णय लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद दोनों ही परियोजनाओं में रजिस्ट्री शुरू होने की उम्मीद है।

नेफोमा के अध्यक्ष अन्नू खान ने कहा कि रजिस्ट्री समस्या से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कई सोसाइटी गुजर रही हैं। बिल्डर और प्राधिकरण के बीच खींचतान से फ्लैटों की रजिस्ट्री बाधित हो रही है। रकम जमा करने के बाद भी लोगों को फ्लैट पर मालिकाना हक नहीं मिल पा रहा।

फ्लैट खरीदार परेशान

अनुराग तोमर, ''बिल्डर और प्राधिकरण के बीच के विवाद में खरीदार पिस रहा है। खरीदार बिल्डर को फ्लैट का पूरा भुगतान कर चुके। इसके बावजूद रजिस्ट्री नहीं हो रही। इससे उन्हें फ्लैट पर मालिकाना हक नहीं मिल पा रहा।''

राहुल अग्रवाल, ''वेदांतम सोसाइटी में 2017 में फ्लैट बुक कराया था। पूरी राशि भी जमा करा दी, लेकिन कब्जा नहीं मिला। काफी संघर्ष के बाद वर्ष 2020 में कब्जा दिया। अब रजिस्ट्री के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।''

शोक कुमार कौशिक, अध्यक्ष एम्स ग्रीन एवेन्यू वेलफेयर एसोसिएशन, ''बिल्डर से लगातार वार्ता के बाद भी मालिकाना हक नहीं मिल रहा। इस मामले में न्यायालय से ही अंतिम उम्मीद है। न्यायालय के इस फैसले से खरीदारों को रजिस्ट्री की उम्मीद जगी है।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।