
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इन 2 सेक्टरों में सड़कें चौड़ी कर 4 लेन बनाई जाएंगी, टेंडर जारी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16सी और 4 की आंतरिक सड़कों को चौड़ा किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इसके लिए टेंडर जारी कर तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही इलाके की अन्य प्रमुख सड़कों को चौड़ा किए जाने की योजना भी बनाई गई है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16सी और सेक्टर-4 की आंतरिक सड़कों को चौड़ा किया जाएगा। इससे ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहेगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इसके लिए टेंडर जारी कर तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही इलाके की अन्य प्रमुख सड़कों को चौड़ा किए जाने की योजना भी बनाई गई है।
प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक, टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर अगले एक माह में सड़कों को चौड़ा करने का काम शुरू करा दिया जाएगा। इस पर 4.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सेक्टर-4 में 45 मीटर सड़क अभी 10.50 मीटर चौड़ी है। करीब 650 मीटर लंबी इस सड़क को 13.50 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इसके बाद यह सड़क 4 लेन की हो जाएगी। इस सेक्टर की 24 मीटर सड़क की चौड़ाई 9.50 मीटर से बढ़ाकर 10.50 मीटर किया जाएगा। इसकी लंबाई करीब 700 मीटर है।
परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर ने बताया कि विस्तार होने के बाद यह सड़क 3 लेन की हो जाएगी। वहीं सेक्टर-16 सी की 24 मीटर सड़क को 10.50 से बढ़ाकर 13.50 मीटर चौड़ा किया जाएगा। करीब 900 मीटर लंबी यह सड़क 4 लेन की हो जाएगी। इन सड़कों को दुरुस्त करने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी जल्द काम शुरू करा दिया जाएगा। इन दोनों सेक्टरों में 40 से अधिक सोसाइटी हैं। सोसाइटी में रहने वाले लोगों के अलावा क्षेत्र के अन्य लोग आवाजाही करते हैं।
दरअसल ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने लगा है। अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इसको देखते हुए प्राधिकरण ने प्रमुख सड़कों के साथ सेक्टरों के अंदर की सड़कों को भी चौड़ा करने की योजना बनाई है। यातायात सुचारू रूप से चलता रहे, इसके लिए सर्विस मार्ग को भी दुरुस्त किया जा रहा है,ताकि वाहन चालकों को जाम में न फंसना पड़े।
अंडरपास चालू होने से आना-जाना आसान
चारमूर्ति चौक पर निर्माणाधीन अंडरपास अगले साल जून तक बन जाएगा। इस अंडरपास के चालू होने के बाद ट्रैफिक जाम की समस्या से बड़ी राहत मिल जाएगी। गाजियाबाद विजय नगर से सूरजपुर ग्रेटर नोएडा की तरफ आने वाले लोग अंडरपास का उपयोग कर सीधे आ जा सकेंगे।
रवि कुमार एनजी, सीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, ''शहर की प्रमुख सड़कों के साथ उन सभी सड़कों को चौड़ा किया जाएगा, जिस पर वाहनों का दबाव रहता है। इसके लिए सर्वेक्षण कराया जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट चालू होने के बाद ट्रैफिक और अधिक बढ़ेगा।''





