काम की बात: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जुलाई तक होंगे शुरू 2 नए यू-टर्न, 20 सोसाइटियों के 1 लाख लोगों को होगी सुविधा

Mar 17, 2026 04:53 pm ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
share

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति चौक और तिगरी के बीच दो नए यू-टर्न का काम तेज हो गया है। जुलाई तक शुरू होने वाले इन यू-टर्न और चौड़ी सर्विस रोड से गौड़ सिटी समेत 20 सोसाइटियों के 1 लाख निवासियों को जाम से मुक्ति मिलेगी। 

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जुलाई तक होंगे शुरू 2 नए यू-टर्न, 20 सोसाइटियों के 1 लाख लोगों को होगी सुविधा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चार मूर्ति चौक और तिगरी के बीच बन रहे दो यूटर्न का काम तेज कर दिया गया है। इन्हें जुलाई में चालू करने का लक्ष्य है। वहीं, सर्विस रोड को चौड़ा करने का काम भी शुरू कर दिया गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर इस इलाके में वाहनों की आवाजाही सुगम हो जाएगी।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना विभाग के अधिकारी के मुताबिक, चार मूर्ति चौक और तिगरी के बीच बन रहे यूटर्न तैयार होने पर गौड़ सिटी और उसके आसपास की 20 से अधिक सोसाइटियों में रहने वाले एक लाख से अधिक लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। चार मूर्ति चौक और तिगरी के बीच 60 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क के दोनों तरफ की सर्विस रोड भी चौड़ी की जा रही है। इसके बाद सर्विस रोड दो-दो लेन की हो जाएगी। अभी साढ़े तीन मीटर चौड़ी यानी एक लेन की है।

गौर सिटी वन और टू की सोसाइटी में रहने वाले लोगों के साथ क्रॉसिंग रिपब्लिक गाजियाबाद की तरफ जाने वाले भी इस रास्ते से होकर आवाजाही करते हैं। सुबह से लेकर देर रात तक वाहनों की आवाजाही अधिक होने से जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।

NH-24 गाजियाबाद की तरफ भी जाना आसान हो जाएगा

सीनियर मैनेजर प्रभात शंकर ने बताया कि जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सर्विस रोड को चौड़ा करने के साथ तिगरी और गौड़ चौक के बीच यूटर्न बनाने का काम चल रहा है। दोनों यूटर्न जुलाई तक बनकर तैयार हो जाएंगे। खजूर चौक के पास तिगरी गोलचक्कर से पहले बनने वाले इस यूटर्न से गौड़ सिटी टू की तरफ से आना-जाना आसान हो जाएगा। वाहन चालकों को अभी तिगरी गोलचक्कर से घूमकर आना पड़ता है। यूटर्न बनने से तिगरी गोलचक्कर पर भी ट्रैफिक जाम की समस्या कम हो जाएगी। नेशनल हाईवे-24 (NH-24) गाजियाबाद की तरफ भी जाना आसान हो जाएगा। चार मूर्ति चौक पर निर्माणाधीन अंडरपास का 65% से अधिक काम पूरा हो चुका है।

सुगम आवागमन के लिए यूटर्न बनाने पर जोर

नोएडा एयरपोर्ट चालू होने और ग्रेनो वेस्ट में निर्माणाधीन सोसाइटियों में बसावट होने पर ट्रैफिक का दबाव और बढ़ जाएगा। ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहे, इसके लिए प्रमुख सड़कों को चौड़ी करने के साथ यूटर्न बनाए जा रहे हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में इस परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। अब तक पांच से अधिक यूटर्न बनकर तैयार हो गए हैं। इनमें गौड़ चौक और इटेड़ा गोलचक्कर के बीच दो, इटेड़ा और एकमूर्ति गोलचक्कर के बीच दो और एकमूर्ति और रोजा गोलचक्कर के बीच एक यूटर्न शामिल हैं। इसके अलावा चार यूटर्न पहले से हैं।

सुमित यादव, एसीईओ, ग्रेटर नोएडा, ''चार मूर्ति चौक और तिगरी के बीच सर्विस रोड को चौड़ा करने के साथ यूटर्न का निर्माण किया जा रहा है। यह काम जुलाई तक पूरा हो जाएगा। चार मूर्ति चौक पर अंडरपास का काम भी तेजी से चल रहा है। इन परियोजनाओं से जाम से राहत मिलेगी।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।