काम की बात: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो चलाने को पीआईबी से मंजूरी, 7.5 KM रूट पर बनेंगे 5 स्टेशन

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वालों के लिए अच्छी खबर है। पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड (पीआईबी) ने नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट रूट पर मेट्रो चलाने को मंजूरी दे दी है। केंद्र से मंजूरी मिलने के बाद इस पर काम शुरू हो जाएगा।

Noida Metro
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो चलाने को पीआईबी से मंजूरी मिली।

नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच मेट्रो ट्रेन चलाने की प्रक्रिया एक कदम और आगे बढ़ गई है। शुक्रवार को इस नए रूट को पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड (पीआईबी) से मंजूरी मिल गई। अब सिर्फ केंद्र की कैबिनेट से मंजूरी मिलनी बाकी है।

‘हिन्दुस्तान’ अखबार ने 7 अगस्त के अंक में ग्रेटर नोएडा वेस्ट रूट पर मेट्रो चलने में हो रही देरी की खबर प्रमुखता से छापी था। शुक्रवार को नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) की 48वीं बोर्ड बैठक हुई। इसमें एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश और कार्यकारी निदेशक क्रांति शेखर समेत अन्य मौजूद थे। दोपहर करीब साढ़े तीन से साढ़े चार बजे तक हुई बैठक में बजट, ऑडिट रिपोर्ट समेत अन्य प्रस्ताव रखे गए। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण जानकारी ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो रूट को लेकर दी गई। एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक क्रांति शेखर ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो रूट को पीआईबी से मंजूरी मिल गई है। अब सिर्फ नोट बनाकर कैबिनेट में रखा जाएगा, जिस पर केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिलना बाकी है।

पांच स्टेशन बनाने का प्रस्ताव

बता दें कि, डीपीआर के अनुसार 7.5 किलोमीटर लंबे इस नए रूट पर कुल 5 स्टेशन बनाए जाएंगे। सेक्टर-61 में इंटरचेंज बनेगा। यहां से सेक्टर- 70, 122, 123 और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 (किसान चौक के पास) में स्टेशन बनाए जाएंगे। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अधिकांश आबादी सेक्टर-1, 2, 3, 4, टेकजोन-4, सेक्टर-16, 16बी, 16सी, सेक्टर-10, 12, ईकोटेक-6 और नॉलेज पार्क की हाईराइज सोसाइटियों में रहती है। यहां की 100 से ज्यादा हाईराइज सोसाइटियों में लगातार बढ़ रही आबादी लास्टमाइल कनेक्टिविटी न होने के परेशान है। उत्तर प्रदेश सरकार नए रूट की डीपीआर इसी वर्ष मंजूर कर चुकी है। अब फाइल केंद्र सरकार के पास है।

गौरतलब है कि, ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटियों में रहने वाले लोग लंबे समय से यहां मेट्रो चलाने की मांग कर रहे हैं। नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर आने-जाने के लिए यहां मेट्रो की सबसे ज्यादा जरूरत है। इसके बावजूद इस रूट पर मेट्रो का इंतजार बढ़ता जा रहा है।

नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-पांच तक मेट्रो चलाने की योजना करीब 10 साल पहले बनाई गई थी, तब से लाखों लोग यहां रहने आ चुके हैं। उन्हें हर दिन अपना सफर पूरा करने में अनेक परेशानियां उठानी पड़ती हैं।

अब माना जा रहा है कि केंद्र से भी नए रूट को हरी झंडी मिलने के बाद इस पर जल्द काम शुरू हो सकता है। इसके बनने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटियों में रहने वाले लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsग्रेनो वेस्ट में मेट्रो चलाने को PIB से मंजूरी, 7.5 KM रूट पर बनेंगे 5 स्टेशन