ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जाम से मिलेगी मुक्ति, गौड़ चौक और तिगरी के बीच बनेंगे 2 नए यू-टर्न
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने चारमूर्ति चौक और तिगरी के बीच 60 मीटर चौड़ी सड़क पर दो नए यू-टर्न का निर्माण शुरू कर दिया है। साथ ही सर्विस रोड को भी दो लेन का किया जा रहा है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चारमूर्ति/गौड़ चौक और तिगरी के बीच 60 मीटर चौड़ी सड़क पर दो नए यूटर्न का काम शुरू कर दिया गया है। सर्विस मार्ग को भी जल्द चौड़ा किया जाएगा। इस काम अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य है। इससे वाहनों की आवाजाही सुगम हो जाएगी। नोएडा एयरपोर्ट चालू होने के बाद ट्रैफिक का दबाव और बढ़ जाएगा। यूटर्न के बनकर तैयार होने पर गौड़ सिटी व उसके आसपास की 20 से अधिक सोसाइटियों में रहने वाले डेढ़ लाख से अधिक लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा।
सर्विस मार्ग को भी किया जा रहा चौड़ा
प्राधिकरण के परियोजना विभाग अधिकारी के मुताबिक दोनों तरफ के सर्विस मार्ग को चौड़ा किया जा रहा है। इससे यह सड़क दो- दो लेन की हो जाएगी। अभी साढ़े तीन मीटर चौड़ी यानी एक लेन की है। गौर सिटी-वन व टू की सोसाइटी में रहने वाले लोगों के साथ क्रॉसिंग रिपब्लिक गाजियाबाद की तरफ जाने वाले लोग भी इस रास्ते से होकर आवाजाही करते हैं। सुबह से लेकर देर रात तक ट्रैफिक का दबाव होने की वजह से अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए यहां सर्विस मार्ग को चौड़ा करने के साथ तिगरी और गौड़ चौक के बीच मुख्य सड़क पर दो नए यूटर्न बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है।
तीन करोड़ रुपये होंगे खर्च
यूटर्न के निर्माण पर तीन करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। खजूर चौक के पास तिगरी गोलचक्कर से पहले बनने वाले इस यूटर्न से गौड़ सिटी-टू की तरफ से आना-जाना आसान हो जाएगा। वाहन चालकों को अभी तिगरी गोलचक्कर से घूमकर आना पड़ता है। यूटर्न बनने से तिगरी गोलचक्कर पर भी ट्रैफिक जाम की समस्या कम हो जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग-24 गाजियाबाद की तरफ जाना आसान हो जाएगा।
क्या कह रहे अधिकारी?
प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर ने बताया कि यूटर्न और सर्विस मार्ग को चौड़ा करने का काम तय समय में पूरा कराने का प्रयास रहेगा। इससे गौड़ सिटी के आसपास लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी। वहीं गौड़ चौक पर निर्माणाधीन अंडरपास का काम भी तेज कर दिया गया है।
ग्रेटर नोएडा के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि गौड़ चौक और तिगरी के बीच सर्विस मार्ग को चौड़ा करने के साथ दो यूटर्न बनाए जा रहे हैं। इससे वाहनों की आवाजाही सुगम हो जाएगी। वहीं, गौड़ चौक पर अंडरपास का काम तेज कर दिया गया है।
ग्रेनो वेस्ट में सड़कों को भी चौड़ा किया जा रहा
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहे इसके लिए प्रमुख सड़कों को चौड़ा करने के साथ यूटर्न बनाए जा रहे हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सबसे ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। वाहनों के सुगम आवागमन के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में पांच से अधिक यूटर्न बनकर तैयार हो गए हैं। इनमें गौड़ चौक-इटेड़ा गोलचक्कर के बीच दो, इटेड़ा-एक मूर्ति गोलचक्कर के बीच दो और एक मूर्ति-रोजा गोलचक्कर के बीच एक यूटर्न शामिल हैं। इसके अलावा चार यूटर्न पहले से ही बने हुए हैं।


