काम की बात: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वालों को गुड न्यूज! गौड़ चौक और तिगरी के बीच कब मिलेगी जाम से राहत
ग्रेटर नोएडा वेस्ट को ट्रैफिक जाम राहत दिलाने के लिए यहां सड़क अंडरपास निर्माण और चौड़ीकरण से लेकर कई प्रोजेक्टों पर काम चल रहा है। कुछ प्रोजेक्ट्स का काम अब जल्द ही खत्म होने वाला है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चार मूर्ति/गौड़ चौक और तिगरी के बीच ट्रैफिक जाम की समस्या से इस महीने राहत मिलने की उम्मीद है। यहां यूटर्न और सर्विस रोड को चौड़ा करने का काम पूरा होने वाला है। यूटर्न के रास्ते में आ रहे पेड़ को स्थानांतरित करने के बाद इसे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
अधिकारी के मुताबिक, चार मूर्ति चौक पर निर्माणाधीन अंडरपास का काम भी पूरा हो गया है। इसे दिवाली तक वाहनों की आवाजाही के लिए खोलने की तैयारी है। प्रवेश और निकास द्वार पर शेड लगाने और फिनिशिंग का काम चल रहा है। ट्रायल के बाद इसे वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जाएगा।
सड़क पर यूटर्न का निर्माण
ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या पैदा होने लगी है। इसके लिए मुख्य सड़कों को चौड़ा करने के साथ जरूरी स्थानों पर यूटर्न का निर्माण भी किया जा रहा है। योजना के तहत चार मूर्ति चौक और तिगरी के बीच 60 मीटर चौड़ी सड़क पर यूटर्न का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही, दोनों तरफ की सर्विस रोड चौड़ी की जा रही है।
वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर ने बताया कि यूटर्न और सर्विस रोड का काम अगले कुछ दिनों में पूरा हो जाएगा। इससे वाहनों को सुचारू रूप से चलने में मदद मिलेगी। इस यूटर्न के चालू होने पर गौड़ सिटी और उसके आसपास की 20 से अधिक सोसाइटियों में रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। खजूर चौक के पास तिगरी गोलचक्कर से पहले बनने वाले इस यूटर्न से गौड़ सिटी-2 की तरफ से आना-जाना आसान हो जाएगा। वाहन चालकों को अभी तिगरी गोलचक्कर से घूमकर आना पड़ता है। यूटर्न बनने से तिगरी गोलचक्कर पर राहत मिलेगी।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में यूटर्न बनाने पर जोर
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अब तक पांच से अधिक यूटर्न बनकर तैयार हो गए हैं। इनमें गौड़ चौक और इटेड़ा गोलचक्कर के बीच दो, इटेड़ा और एकमूर्ति गोलचक्कर के बीच दो और एकमूर्ति और रोजा गोलचक्कर के बीच एक यूटर्न शामिल है। इसके अलावा चार यूटर्न पहले से ही बने हुए हैं।राइज पुलिस चौकी से जलपुरा कट गोलचक्कर तक, समृद्धि ग्रांड वेन्यू सर्वोत्तम स्कूल चेरी काउंटी टेक्जोन-4 सड़कों की मरम्मत हो रही है।
रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा, ''ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत के लिए मुख्य सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है। गौड़ चौक और तिगरी के बीच सर्विस रोड को चौड़ा करने के साथ यूटर्न का निर्माण जल्द पूरा होगा। इसे वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी। चार मूर्ति चौक पर निर्माणाधीन अंडरपास का काम भी अंतिम चरण में है।''


