काम की बात: ग्रेटर नोएडा में 5 KM लंबा नया 6 लेन एलिवेटेड रोड बनाने का प्लान, ये होगा रूट

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
share

ग्रेटर नोएडा के सबसे व्यस्त और जाम प्रभावित इलाकों में से एक तिलपता को अब जाम से परमानेंट मुक्ति मिल सकती है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण दादरी-सूरजपुर-छलेरा (DSC) मार्ग पर तिलपता गोलचक्कर के पास लगभग 5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाने का प्लान बना रहा है।

ग्रेटर नोएडा में 5 KM लंबा नया 6 लेन एलिवेटेड रोड बनाने का प्लान, ये होगा रूट

ग्रेटर नोएडा के तिलपता में जाम की समस्या के समाधान के लिए एलिवेटेड रोड बनाने की तैयारी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इस परियोजना की फिजिबिलिटी रिपोर्ट (व्यवहार्यता अध्ययन) उत्तर प्रदेश सेतु निगम से तैयार कराएगा। इससे संबंधित प्रस्ताव को उच्चाधिकारियों से मंजूरी मिलने के बाद सर्वे शुरू कराया जाएगा।

प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक, एलिवेटेड रोड दादरी-सूरजपुर-छलेरा (डीएसएसी) मार्ग स्थित तिलपता गोलचक्कर से लगभग 500 मीटर पहले से सूरजपुर की तरफ से शुरू होकर दादरी रेलवे ओवरब्रिज के पास जाकर जुड़ेगी। इससे दादरी नगर, जीटी रोड-91 और आसपास के गांवों के लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा। प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की लंबाई लगभग पांच किलोमीटर होगी। इसको कम से कम छह लेन का बनाया जाएगा।

तिलपता में सड़क की चौड़ाई बढ़ाना चुनौतीपूर्ण

प्राधिकरण के लिए तिलपता में सड़क की चौड़ाई बढ़ाना चुनौतीपूर्ण हो गया है। एक साल पहले निविदा जारी करने के बाद भी अब तक नाली और सड़क का काम शुरू नहीं हो सका। इसकी वजह तिलपता में मुख्य सड़क के किनारे बड़े स्तर पर अवैध निर्माण है। ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। बीते दिनों काम करने पहुंचे प्राधिकरण के कर्मचारियों पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया था।

इसलिए भी जरूरी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अगले कुछ माह में उड़ान शुरू होने और 130 मीटर चौड़ी सड़क पर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर बने फ्लाईओवर के चालू होने पर ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर सड़क पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाएगा। ऐसे में तिलपता गोलचक्कर पर सबसे ज्यादा दिक्कत होगी।

फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी

परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर ने बताया कि फिजिबिलिटी रिपोर्ट के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराई जाएगी। प्राथमिक तौर पर सर्वेक्षण कर यह रिपोर्ट तैयार कर ली गई है कि तिलपता के आसपास कहां पर जाम की समस्या रहती है।

बाईपास की परियोजना अधर में

डीएससी मार्ग पर तिलपता में बाईपास रोड की योजना अधर में अटक गई है, क्योंकि परियोजना के रास्ते में आ रहे गांवों खोदना कलां, श्यौराजपुर और कैलाशपुर में जमीन नहीं मिल पा रही। प्रस्तावित बाईपास रोड को 130 मीटर चौड़ी सड़क पर तिलपता गोलचक्कर से कुछ दूर आगे रूपबास गांव के पास दादरी बाईपास से जोड़ने की योजना थी।

ये उपाय भी होंगे

नोएडा एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने और 130 मीटर चौड़ी सड़क पर तिलपता के पास डेडिकेट फ्रेट कॉरिडोर पर बने फ्लाईओवर के अगले कुछ माह में चालू होने पर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाएगी। तिलपता गोलचक्कर पर ट्रैफिक संभालना मुश्किल हो जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद एलिवेटेड रोड बनने में लंबा समय लग जाएगा। ऐसे में यहां पर 130 मीटर चौड़ी सड़क पर यूटर्न बनाने की तैयारी भी चल रही है। इससे ट्रैफिक सुचारू से चलता रहेगा।

रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा, ''ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट में भविष्य में जाम की समस्या न हो, इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई है। मुख्य सड़कों को चौड़ी किया जा रहा है। तिलपता में डीएससी मार्ग पर लगने वाले जाम से निजात के लिए एलिवेटेड रोड बनाने की तैयारी है। प्रस्तावित परियोजना की फिजिबिलिटी रिपोर्ट बनने के बाद काम शुरू किया जाएगा।''

रिपोर्ट : सीएल मौर्य

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।