
तो इसलिए जान से मार दिया; कोरिया पार्टनर की हत्या करने वाली लड़की ने क्या बताया?
ड्राइवर की शिकायत पर, नॉलेज पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया। ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस, सुधीर कुमार ने बताया, 'उसे अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।'
ग्रेटर नोएडा में विदेशी लिव-इन पार्टनर को मौत के घाट उतारने वाली मणिपुर की लड़की ने पूछताछ में हत्या के पीछे की वजह बताई है। 47 वर्षीय लिव-इन पार्टनर यू डक-ही की हत्या करने वाली 22 वर्षीय लम जियाना पामाई ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि इस जानलेवा झगड़े की शुरुआत एक 'गीले तौलिए' से हुई थी। मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि बहस तब और बढ़ गई जब मृतक ने कथित तौर पर महिला के 'गरीब देश' से होने का ताना मारा।
गीली तौलिया और गरीब देश वाली टिप्पणी
मणिपुर के खौपुम की रहने वाली लम जियाना पामाई से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि शनिवार देर रात वे दोनों खरीदारी करने और एक रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद अपने फ्लैट पर लौटे थे। दोनों ने वहां साथ में शराब पी और फिर सोने चले गए। पामाई ने बताया कि रात 2 बजे से 3 बजे के बीच वह नहाने गई थी। जब यू (Yuh) बाद में बाथरूम में गया, तो उसने कथित तौर पर देखा कि उसका तौलिया गीला था, क्योंकि पामाई ने उसे पहले ही इस्तेमाल कर लिया था। पुलिस ने कहा कि पामाई के दावे के अनुसार, यू ने (जो उस समय नशे में था) तौलिए को लेकर उससे बहस शुरू कर दी।
जांच में शामिल एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, 'बहस के दौरान, व्यक्ति ने कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की और कहा कि वह एक गरीब देश से ताल्लुक रखती है।' पामाई ने पुलिस को बताया कि इस तरह की टिप्पणियों से वह पहले भी काफी परेशान रही थी। जांचकर्ताओं के अनुसार, महिला ने दावा किया कि उनकी बहस हाथापाई में बदल गई थी। पामाई ने पुलिस को बताया कि उसने फ्लैट से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन यू (Yuh) ने उसे रोकने के लिए कथित तौर पर चाकू उठा लिया। इस छीना-झपटी के दौरान, वह चाकू छीनने में कामयाब रही और उसने यू के सीने में घोंप दिया।

और नहीं बची जान
यू के बेहोश होकर गिरने के बाद, पामाई ने उसके ड्राइवर गोपाल को फोन किया और घायल व्यक्ति को लेकर ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल पहुंची, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मरने से पहले पामाई ने उसे एक अन्य निजी अस्पताल में भी दिखाया। पूछताछ के दौरान पामाई ने पुलिस को यह भी बताया कि अतीत में भी शारीरिक हिंसा की घटनाओं के बाद उसने कई बार यू को छोड़ा था, लेकिन वह हर बार वापस आ गई थी। उसने आरोप लगाया कि यू अक्सर उसके देश को गरीब और गंदा कहकर उसे अपमानित करता था।
ड्राइवर की शिकायत पर, नॉलेज पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया। ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस, सुधीर कुमार ने बताया, 'उसे अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दक्षिण कोरियाई दूतावास के माध्यम से यू (Yuh) के परिवार को सूचित कर दिया गया और सोमवार को दूतावास के अधिकारियों की मौजूदगी में उसका पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद, अंतिम संस्कार के लिए उसके शव को वापस दक्षिण कोरिया भेजने हेतु सौंप दिया गया है।
ऐसे हुआ प्यार और फिर लिव-इन वाली जिंदगी
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान दक्षिण कोरिया के चेओंगजू-सी (Cheongju-si) निवासी यू डक-ही (Yuh Duck-Hee) के रूप में हुई है, जो पिछले दो वर्षों से अधिक समय से 'एटीएस पायस हाइडवे' (ATS Pious Hideaways) में पामाई के साथ रह रहे थे। यू पिछले एक दशक से भारत में रह रहे थे और नोएडा के सेक्टर 142 में एक लॉजिस्टिक्स कंपनी में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार, इस जोड़े की मुलाकात गुरुग्राम के एक पब में हुई थी, जहां पामाई काम करती थी। लगभग डेढ़ साल पहले उसने अपनी नौकरी छोड़ दी थी और यू के साथ रहने लगी थी।





