
ग्रेटर नोएडा : बीफार्मा छात्र ने ली प्रॉपर्टी डीलर की जान, बेटी की शादी कहीं और तय करने से था नाराज
ग्रेटर नोएडा में दादरी के पास प्राॅपर्टी डीलर महिपाल हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे में ही पर्दाफाश कर रविवार को बीफार्मा के छात्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी महिपाल की बेटी से एकतरफा प्रेम करता था।
ग्रेटर नोएडा में दादरी के पास प्राॅपर्टी डीलर महिपाल हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे में ही पर्दाफाश कर रविवार को बीफार्मा के छात्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी महिपाल की बेटी से एकतरफा प्रेम करता था। पिता महिपाल द्वारा अपनी बेटी की शादी कहीं और तय कर देने से नाराज होकर उसने इस हत्याकांड की वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को प्रॉपर्टी डीलर महिपाल का शव गांव बंबवाड़ को जाने वाले रास्ते पर मिला था। महिपाल के सीने में दो गोली लगी थीं। पुलिस ने इस मामले में दीपक गोस्वामी निवासी रोहटा मीरपुर मेरठ, हाल निवासी महामेधा वाली गली सूरजपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से पिस्टल, कारतूस और दो मोबाइल बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान दीपक ने बताया कि वह बी-फार्मा थर्ड ईयर का छात्र है। वर्ष 2022 से ग्रीड फार्मा कंपनी गामा-1 और कदंबा मार्केट में बतौर एमआर (मार्केट रिप्रजेंटेटिव) कार्य करता है। वह प्रतिमाह 20-30 हजार रुपये प्रतिमाह कमाता है। उसकी मुलाकात तीन साल पहले महिपाल की बेटी से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई।
धीरे-धीरे दोनों में बातचीत बढ़ी और दीपक उससे एकतरफा प्रेम करने लगा और शादी करने की इच्छा जताने लगा। हालांकि, युवती ने शादी से इनकार कर दिया था। इसके बावजूद दीपक ने मृतक महिपाल के सामने शादी कराने का प्रस्ताव रखा। महिपाल ने उसे धमका कर भगा दिया। कुछ माह पहले महिपाल ने अपनी दो बेटियों की शादी कहीं और तय कर दी थी। इससे नाराज होकर दीपक ने योजनाबद्ध तरीके से महिपाल की गोली मारकर हत्या कर दी और हत्या के बाद मृतक का मोबाइल फोन मौके से उठा ले गया, ताकि पहचान में देरी हो और पुलिस गुमराह हो जाए।
फोरेंसिक टीम आरोपी से बरामद हथियार की जांच कर रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी पिस्टल कहां से लाया था।
दस दिसंबर को दोनों बेटियों की शादी तय
मृतक महिपाल की दो बेटियों की शादी 10 दिसंबर को तय है। इसमें छोटी बेटी से हत्यारोपी एकतरफा प्यार करता था। युवती की शादी तय करने की जानकारी मिलने पर दीपक बुरी तरह भड़क गया था। उसने महीपाल को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। इसकी जानकारी महिपाल ने अपने परिवार को दी थी, लेकिन लोकलाज के चलते उन्होंने पुलिस में शिकायत नहीं की। दीपक की योजना थी कि महिपाल की हत्या के बाद शादी रुक जाएगी।
दीपक ने करीब डेढ़ महीने तक रेकी की
दीपक ने करीब डेढ़ महीने तक दवाइयों की मार्केटिंग के बहाने तिलपता, खेरपुरा, वेदपुरा, बंबावड़, सादुल्लापुर और दादरी के इलाके में लगातार आना-जाना किया। इस दौरान उसने महीपाल की दिनचर्या, मिलने-जुलने वालों और आने-जाने के रास्तों की बारीकी से रेकी की। वह अक्सर एक दुकान पर सिगरेट पीने के बहाने कई घंटे बैठा रहता और महिपाल पर नजर रखता। घटना वाले दिन दीपक को महिपाल अकेले सुनसान जगह पर दिखे तो उसने मौका देखकर पिस्टल से गोली मार दी।
शक्ति मोहन अवस्थी, डीसीपी सेंट्रल नोएडा, ''हत्यारोपी दीपक ने महिपाल की हत्या करने के लिए डेढ़ माह तक रेकी की थी। इसलिए उसने बाइक की नंबर प्लेट हटा ली थी। उसने मृतक की बेटी से एकतरफा प्यार की बात कबूल की है।''





