Hindi Newsएनसीआर न्यूज़greater noida man murder by throat slit in rented house wife absconded after crime

ग्रेटर नोएडा में किराये के मकान में गला काटकर युवक की हत्या, मोबाइल फोन बंद कर पत्नी फरार

ग्रेटर नोएडा में किराये एक मकान में रहने युवक की हत्या करने का सनसनीखेज हत्या करने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद से मृतक की पत्नी घर से फरार है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा। हिन्दुस्तानSat, 14 Dec 2024 12:46 PM
share Share
Follow Us on
ग्रेटर नोएडा में किराये के मकान में गला काटकर युवक की हत्या, मोबाइल फोन बंद कर पत्नी फरार

ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव में किराये के मकान में रह रहे एक युवक की शुक्रवार की रात घर में सोते समय धारदार हथियार से गला रेत हत्या कर दी गई। हत्या के बाद से मृतक की पत्नी अपने दो बच्चों संग फरार है। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। मृतक के भाई ने भाभी पर प्रेमी संग मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी है।

कासना कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बुलंदशहर का रहने वाला 32 वर्षीय बनी सिंह अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ सिरसा गांव में किराये के मकान में रह रहा था। बनी सिंह एक फैक्ट्री में काम करता था, जबकि उसकी पत्नी एक सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करती है।

ये भी पढ़ें:'मेरे सुसाइड करने का कारण मैं…'; गाजियाबाद में 14वीं मंजिल से कूद गया अकाउंटेंट

शनिवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली की बनी सिंह का शव उसके कमरे में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला है। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की तो पता चला कि गला रेत कर बनी सिंह की हत्या की गई है। हत्या के बाद से उसकी पत्नी अपने बच्चों को लेकर फरार है। बनी सिंह की पत्नी का मोबाइल में बंद आ रहा है। घटना की सूचना मिलने पर बुलंदशहर से बनी सिंह के परिजन शनिवार की शाम कासना कोतवाली पहुंचे। मृतक के भाई छोटेलाल ने इस मामले में अपनी भाभी पर प्रेमी के साथ मिलकर बनी सिंह की हत्या करने का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि आरोपी महिला व उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

अवैध संबंध का विरोध करने पर हत्या की आशंका

पुलिस को शक है कि अवैध संबंध का विरोध करने पर बनी सिंह की हत्या की गई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बनी सिंह की पत्नी का एक अन्य युवक से अवैध संबंध था। बनी सिंह इसका विरोध करता था। पूर्व में वह घर से गायब हो गई थी। पंचायत कर फैसला करवाया गया था। आशंका है कि इसी के चलते अब बनी सिंह की हत्या की गई है।

अशोक कुमार, एडीसीपी, ग्रेटर नोएडा ने कहा, ''परिजनों ने मृतक की पत्नी पर हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। पुलिस की दो टीमें आरोपी महिला की तलाश में जुटी है। महिला को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।''

हत्या के दौरान हाथ-पैर बांधने के आरोपी दबोचे

वहीं, ग्रेटर नोएडा की दादरी कोतवाली पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र में हुई युवक की हत्या के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या के दौरान दोनों ने मृतक अरविंद के हाथ-पैर बांधने में मदद की थी। इसके बाद मुख्य आरोपियों ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के मुताबिक, जुनपत गांव के रहने वाले अरविंद की अजायबपुर रेलवे स्टेशन पर स्थित नशा मुक्ति केंद्र में हत्या कर दी गई थी।

हत्या गुरुवार सुबह 4 बजे की गई थी। हत्या का कारण नशा मुक्ति केंद्र में रह रहे लोगों के बीच वर्चस्व बताया जा रहा है, जिसमें मोहित रावल और लक्की भाटी ने सो रहे अरविंद पर चाकुओं से हमला कर दिया था। दोनों के हमले के बाद अरविंद बचाव में हाथ-पैर मार रहा था। इसी दौरान नशा मुक्ति केंद्र में रहने वाले शीलू और बिजेंद्र ने मृतक अरविंद के हाथ-पैर को बांध दिया था। इसके बाद मोहित और लक्की ने चाकुओं से हमला कर अरविंद की हत्या की थी। एसएचओ दादरी अरविंद कुमार ने बताया कि हत्या में सहयोग करने वाले शीलू और बिजेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण की जांच की जा रही है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें