ग्रेटर नोएडा: मुआवजा हड़पने के लिए छोटे भाई को मार डाला, पिता ने बेटे और पोते पर दर्ज कराई FIR
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कस्बे के कलूपुरा गांव में मुआवजे की रकम के बंटवारे को लेकर एक व्यक्ति ने अपने बेटे और ससुर के साथ मिलकर अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। वारदात को हादसे का रूप देने के लिए आरोपियों ने मृतक के शव और उसकी बाइक को सड़क किनारे फेंक दिया।

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कस्बे के कलूपुरा गांव में मुआवजे की रकम के बंटवारे को लेकर एक व्यक्ति ने अपने बेटे और ससुर के साथ मिलकर अपने छोटे भाई की कथित तौर पर हत्या कर दी। वारदात को हादसे का रूप देने के लिए आरोपियों ने मृतक के शव और उसकी बाइक को सड़क किनारे फेंक दिया। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इस हत्याकांड की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि कलूपुरा का रहने वाला 26 वर्षीय सुखदेव शर्मा तीन दिन पहले घर से बाइक लेकर निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह गांव से थोड़ी दूरी पर सड़क किनारे लहूलुहान हालत में उसका शव पड़ा मिला। शव के पास ही टूटी हालत में उसकी बाइक और हेलमेट पड़े हुए थे।
पिता ने बताई मुआवजे के लिए झगड़े वाली बात
शुरुआत में ग्रामीणों को लगा कि सुखदेव शर्मा का एक्सीडेंट हो गया है। हालांकि, उसकी मां और पिता ने आरोप लगाया कि उनके बड़े बेटे हरकेश शर्मा ने ही सुखदेव की हत्या की है। पिता सुरेश शर्मा ने बताया कि उन्हें कुछ दिन पहले यमुना प्राधिकरण से 28 लाख रुपये मुआवजा मिला था। इसी के बंटवारे को लेकर बड़ा बेटा उनसे और सुखदेव से लड़ाई झगड़ा करता था। परिजनों का आरोप है कि पिता मुआवजे की रकम में से अपने छोटे बेटे को हिस्सा न दे पाएं, इसके चलते बड़े बेटे हरकेश शर्मा ने अपने पुत्र हिमांशु और जेवर निवासी अपने ससुर अनिल शर्मा के साथ मिलकर सिर में भारी वस्तु से वार करके सुखदेव शर्मा की हत्या कर दी। लोगों को लगे कि मृतक की सड़क दुर्घटना में जान गई है। इसके लिए शव को सड़क किनारे ईख के खेत में फेंक दिया।
वारदात के बाद से तीनों आरोपी फरार हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए दबिश दी जा रही है।
कहासुनी के बाद ममेरे भाई को चाकू मारा
वहीं, ग्रेटर नोएडा के दादरी कस्बे की नई आबादी में ममेरे भाई पर चाकू से हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। मूलरूप से मुज्जफरनगर के रहने वाले फैजल और मौहम्मद कैफ फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करते हैं। दोनों नई आबादी में किराये पर रहते हैं। शनिवार को किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद फैजल ने मोहम्मद कैफ की गर्दन पर हमला कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।


