काम की बात: DMIC टाउनशिप के लिए बड़ी सौगात, ग्रेटर नोएडा का डाढ़ा गोलचक्कर रोड अब होगा 6 लेन

हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
Follow us on Google News
share

ग्रेटर नोएडा में डाढ़ा गोलचक्कर से टाउनशिप तक का सफर स्मूथ होने जा रहा है। इसके लिए मुख्य सड़क की 4 लेन की सड़क को  6 लेन का बनाया जाएगा। ऐसा होने से डीएमआईसी के पास बनने वाली इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप तक फायदा मिलेगा। 

Road Construction Representative image

दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (डीएमआईसी) के तहत ग्रेटर नोएडा में विकसित की जा रही आधुनिक इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप तक आवाजाही और आसान हो जाएगी। ग्रेटर नोएडा के डाढ़ा गोलचक्कर से टाउनशिप को जोड़ने वाली सड़क को 4 लेन से बढ़ाकर 6 लेन का किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है।

परियोजना विभाग के अधिकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा को जाम मुक्त बनाने के लिए सभी प्रमुख सड़कों को चौड़ी करने की विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई है। इस पर काम शुरू कर दिया गया है। योजना के तहत 130 मीटर सड़क स्थित डाढ़ा गोलचक्कर से डीएमआईसी को जोड़ने वाली सड़क चौड़ी की जाएगी। इससे जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए भी आवाजाही सुगम हो जाएगी। मालवाहक वाहन बिना किसी रुकावट के आ जा सकेंगे। यमुना सिटी तक 130 मीटर चौड़ी सड़क का विस्तार किया जाना प्रस्तावित है। बोड़ाकी के पास प्रस्तावित मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक हब को फायदा मिलेगा।

काम पर 25 करोड़ रुपये होंगे खर्च

प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक सन्नी यादव ने बताया कि 4 लेन की सड़क को 6 लेन का किया जाएगा। यह सड़क हायर गोलचक्कर के पास जुड़ती है। करीब 2.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क को चौड़ी करने के साथ फुटपाथ, जल निकासी के लिए आरसीसी नाली और सेंट्रल वर्ज में सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाएगा। इस पर 25.63 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। टेंडर की प्रक्रिया पूरी एक से दो माह में काम शुरू करा दिया जाएगा।

दरअसल टाउनशिप में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। अब तक 30 से अधिक प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। यहां हायर इलेक्ट्रॉनिक्स समेत पांच कंपनियों में उत्पादन शुरू कर दिया गया है। ग्रुप हाउसिंग के दो प्लॉट भी आवंटित किए जा चुके हैं।

ग्रेनो में ये प्रमुख सड़कें चौड़ी हो रहीं

इसके अलावा ग्रेटर नोएडा शहर के एलजी चौक से रामपुर गोलचक्कर, राइज चौकी से जलपुरा कट गोलचक्कर तक सेक्टर-1 ग्रेटर नोएडा वेस्ट, समृद्धि ग्रांड वेन्यू सर्वोत्तम स्कूल चेरी काउंटी टेक्जोन-4,सर्वोत्तम स्कूल और सेंचुरियन पार्क रोड सेक्टर टेक्जोन-4, इंडिया एक्सपो मार्ट नासा पार्किंग से शारदा गोलचक्कर, सेक्टर पाई-1 आईटीबीपी गोलचक्कर से नटो की मड़ैया तक, सेक्टर जीटा-1 एटीएस गोलचक्कर से 130 मीटर चौड़ी सड़क को जोड़ने वाला रास्ता, आईटी सिटी में 45 मीटर चौड़ी सड़क, कासना से सिरसा गोलचक्कर आदि सड़कों को चौड़ी किया जा रहा है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।