
ग्रेटर नोएडा में चाप के ऑर्डर में देरी पर दुकान के कर्मचारी पर बरसाए लात-घूंसे; देखें वायरल वीडियो
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चाप की दुकान पर काम करने वाले एक मुस्लिम कर्मचारी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि चाप का ऑर्डर देरी से देने और उसकी धार्मिक पहचान के कारण घटना को अंजाम दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चाप की दुकान पर काम करने वाले एक मुस्लिम कर्मचारी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि चाप का ऑर्डर देरी से देने और उसकी धार्मिक पहचान के कारण घटना को अंजाम दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बिसरख थाना क्षेत्र स्थित एक चाप की दुकान पर युवक इरफान काम करता है। इरफान ने बताया कि कुछ युवक शुक्रवार की शाम को दुकान पर चाप खाने पहुंचे थे। दुकान पर भीड़ होने के कारण ऑर्डर तैयार होने में समय लगा। इसी बात को लेकर आरोपी युवक इरफान से बहस करने लगे। आरोप है कि युवकों ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि इस दौरान उससे उसकी धार्मिक पहचान को पूछा गया। इसके बाद पहचान छिपाने का आरोप लगाते हुए मारपीट की गई। मारपीट करने वाले आरोपियों ने खुद ही घटना का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
बिसरख थाना पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए पीड़ित इरफान की शिकायत के आधार पर दो नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश की जा रही है।
थूक लगाकर मोमोज बेचने का आरोप
पुलिस की जांच में सामने आया है कि पिटाई करने वाले युवक ऑनलाइन फूड डिलीवरी ब्वॉय हैं। उन्होंने चाप का ऑर्डर दिया था, जिसमें देरी होने पर आरोपियों ने गोरक्षा से जुड़े सदस्यों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने इरफान से मारपीट की। आरोप है कि चाप की दुकान का कर्मचारी थूक लगाकर मोमोज बेचता है, इसलिए आरोपियों ने उससे मारपीट की। वहीं, एडीसीपी सेंट्रल नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि चाप में देरी और रुपये न देना पड़ें, इसलिए आरोपियों ने मारपीट की।





