काम की बात: ग्रेटर नोएडा में बनेगा UP का पहला डबल डेकर रोड, यहां से निकलेगा रूट; 2 जिलों को फायदा

हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
Follow us on Google News
share

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने गुरुवार को हुई 144वीं बोर्ड मीटिंग में डबल-डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इस रोड के बनने से नोएडा एक्सटेंशन के शाहबेरी और गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके के बीच आने-जाने वाले हजारों लोगों को बिना रुकावट सफर करने में मदद मिलेगी।

double-decker elevated road
डबल डेकर रोड निर्माण कार्य - AI निर्मित सांकेतक तस्वीर

ग्रेटर नोएडा की 130 मीटर चौड़ी सड़क को मेरठ एक्सप्रेसवे यानी राष्ट्रीय राजमार्ग-9 से जोड़ा जाएगा। इसके लिए एकमूर्ति चौक से शाहबेरी तक डबल डेकर (दो मंजिला) एलिवेटेड रोड और उससे आगे सिंगल एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण बोर्ड की गुरुवार को हुई बैठक में एलिवेटेड रोड और कई अन्य प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई। प्राधिकरण के चेयरमैन दीपक कुमार की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक हुई। अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार वर्चुअल जुड़े।

756 करोड़ रुपये होंगे खर्च

ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि यह प्रदेश की पहली डबल डेकर एलिवेटेड रोड होगी। नोएडा और यमुना प्राधिकरण की सहमति लेकर परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा। इस पर 756.01 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, शाहबेरी नाले से आगे एनएच-9 को जोड़ने के लिए सिंगल एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। डबल डेकर एलिवेटेड रोड तीन और सिंगल एलिवेटेड रोड छह लेन की होगी। यह 5.75 किलोमीटर लंबी होगी। परियोजना की लागत 1280 करोड़ है। परियोजना की लागत यमुना एक्सप्रेसवे, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जीडीए समान रूप से वहन करेंगे। इसके बनने से गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा तक का सफर आसान हो जाएगा।

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा ग्रेटर नोएडा

इसके अलावा, ग्रेटर नोएडा शहर की 105 मीटर चौड़ी सड़क को भी ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इस सड़क का 6 किलोमीटर हिस्सा पहले ही बन चुका है। अब जुनपत गांव के पास से ईस्टर्न पेरिफेरल तक करीब 12 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण जल्द किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि 105 मीटर चौड़ी सड़क के अलाइनमेंट में ईस्टर्न पेरिफेरल तक रेलवे लाइन, ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर लिंक लाइन और जीटी रोड आ रहा है। इन स्थानों पर तीन ओवरब्रिज बनेंगे। सड़क को 10 लेन तथा चार सर्विस लेन के रूप में विकसित किया जाएगा।

इस सड़क के लिए भूमिडा प्राधिकरण उपलब्ध कराएगा, जबकि निर्माण पर आने वाला खर्च भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण वहन करेगा। सड़क के दायरे में ग्रेटर नोएडा फेज-1, फेज-2 और दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र (डीएनजीआईआर) की भूमि शामिल है। डीएनजीआईआर क्षेत्र का विकास नोएडा प्राधिकरण कर रहा है।

इस क्षेत्र में आने वाली भूमि का अधिग्रहण नोएडा प्राधिकरण करेगा। भूमि अधिग्रहण की लागत नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण 50- 50 के अनुपात में वहन करेंगे। इस प्रस्ताव पर भी बोर्ड ने मुहर लगा दी है।

रिठौरी गांव में बनेगा एफओबी

वहीं, ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के रिठौरी गांव के लोगों को रेलवे लाइन पार करने में आ रही समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। यहां फुटओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण को बोर्ड ने मंजूरी दे दी। ग्रामीणों की मांग पर इस एफओबी को बनाने के लिए वर्ष 2022 में सांसद डॉ. महेश शर्मा ने प्राधिकरण को पत्र लिखा था। इस पर प्राधिकरण की तरफ से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड से आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुरोध किया गया। इसके बाद दोनों विभागों की टीम ने संयुक्त निरीक्षण कर फुटओवर ब्रिज बनाने पर सहमति जताई। इसे बनाने का खर्च प्राधिकरण को वहन करेगा। रेलवे लाइन के ऊपर निर्माण के लिए रेलवे से स्वीकृति व एनओसी भी लेनी होगी। फुटओवर ब्रिज में रैंप, सीढ़ियों और लिफ्ट का प्रावधान किया गया है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsग्रेटर नोएडा में बनेगा UP का पहला डबल डेकर रोड, यहां से होगा रूट; 2 जिलों को लाभ