
ग्रेटर नोएडा में बनेगा नया सेक्टर, तीन गांवों की जमीन का किया जाएगा अधिग्रहण
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इकोटेक-16 में उद्योगों के लिए धूममानिकपुर, खेड़ी और सुनपुरा गांव की बची हुई 9.66 हेक्टेयर जमीन का अनिवार्य अधिग्रहण शुरू कर दिया है, जिससे अवाडा जैसी कंपनियों को भूखंड आवंटित कर 3000 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश लाया जा सके।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने नया औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-16 विकसित करने की तैयारी तेज कर दी है। इस क्रम में उद्योगों के लिए तीन गांवों की बाकी बची 9.66 हेक्टेयर जमीन का अनिवार्य अधिग्रहण किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने भी सामाजिक समाघात निर्धारण सर्वेक्षण (एसआईए) की अधिसूचना जारी कर दी है। अधिकतर जमीन किसानों की सहमति से ली जा चुकी है। इकोटेक-16 ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके के धूममानिकपुर, खेड़ी और सुनपुरा गांव की जमीन पर बसाया जा रहा है। इसको विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस सेक्टर में अवाडा कंपनी को 25-25 एकड़ के दो भूखंड आवंटित किए जा रहे हैं। सेक्टर में कुल नौ भूखंड हैं। बाजार दर के मुकाबले मुआवजा कम होने की वजह से प्रभावित किसान जमीन देने को तैयार नहीं हैं। इसको देखते हुए जमीन अधिग्रहण कानून के तहत जमीन लेने का निर्णय लिया गया है, जिससे कि निवेश के लिए आगे आई कंपनियों को भूखंड आवंटित किए जा सकें।
अधिकारी के मुताबिक धूममानिकपुर, खेड़ी और सुनपुरा गांव की कुल 9.66 हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण के लिए एसआईए के लिए गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) को एजेंसी चयनित किया गया है। एजेंसी को 60 दिन में सर्वेक्षण पूरा कर अपनी रिपोर्ट देनी होगी। इसके आधार पर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को जिला प्रशासन आगे बढ़ाएगा। प्राधिकरण ने सेक्टर में जमीन आवंटन शुरू कर दिया है।
सोलर पैनल बनाने वाली कंपनी अवाडा इलेक्ट्रो प्राइवेट लिमिटेड को इकाई लगाने के लिए सेक्टर में 25-25 एकड़ के दो भूखंड आवंटित किए गए हैं। कंपनी यहां सौर विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी। इसके जरिए तीन हजार करोड़ का निवेश होगा। प्राधिकरण ने ढांचागत सुविधाओं का विकास शुरू कर दिया है।





