काम की बात: ग्रेटर नोएडा के लिए गुड न्यूज! 10 सेक्टरों में अधूरे पड़े सर्विस रोड होंगे पूरे; परी चौक के पास नया यूटर्न जल्द

हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
Follow us on Google News
share

ग्रेटर नोएडा में रहने वालों के लिए गुड न्यूज है। प्राधिकरण ने शहर के 10 सेक्टरों में अधूरे पड़े सर्विस रोडों को बनाने का काम शुरू कर दिया है। वहीं, परी चौक के पास बनाया गया यूटर्न भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

Greater Noida West view
ग्रेटर नोएडा शहर का दृश्य

ग्रेटर नोएडा शहर के आवासीय और औद्योगिक सेक्टरों में अधूरे पड़े सर्विस रोडों का निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है। इस समय सेक्टर डेल्टा-1, सिग्मा-2, पाई-1 और सेक्टर-27 समेत 10 से अधिक सेक्टरों में अधूरे सर्विस रोडों को पूरा करने का काम चल रहा है। इसके अलावा परी चौक के पास नया यूटर्न जल्द शुरू होगा।

परियोजना विभाग के अधिकारी के मुताबिक, सर्विस रोड की मरम्मत का काम भी मॉनसून के बाद शुरू किया जाएगा। इससे आवाजाही आसान हो जाएगी। सेक्टर के चारों तरफ सर्विस मार्ग के बनने पर मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम ने बताया कि सेक्टर डेल्टा-1, सिग्मा-2, पाई-1 आईटीबीपी सोसाइटी के पास और सेक्टर- 27 गोदरेज सोसाइटी के पास के अधूरे पड़े सर्विस मार्ग को पूरा करने का काम चल रहा है। यह काम 6-7 माह के दौरान पूरा कर लिया जाएगा।

दरअसल ग्रेटर नोएडा का विस्तार होने और आबादी बढ़ने से ट्रैफिक का दबाव बढ़ने लगा है। सुबह और शाम को व्यस्त समय में जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्राधिकरण ने मुख्य सड़क को चौड़ी करने के साथ सेक्टरों के पेरिफेरल यानी चारों तरफ और सर्विस मार्ग को भी दुरुस्त करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है।

यहां अधिक परेशानी

सेक्टर बीटा-1, 2, डेल्टा-1,2, अल्फा-1, 2 और म्यू आदि में सर्विस रोड टूट चुके हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। परियोजना विभाग के अधिकारी के मुताबिक मॉनसून के बाद टेंडर जारी कर टूटी सड़क की मरम्मत का काम कराया जाएगा। वहीं, कई सेक्टर में सर्विस मार्ग के लिए आरक्षित जगह पर अतिक्रमण भी हो रखा है।

रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा, ''सर्विस मार्गों को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है। अतिक्रमण की वजह से जो सर्विस रोड अधूरे पड़े हैं, उन्हें भी पूरा किया जाएगा।''

परी चौक के पास जल्द शुरू होगा नया यूटर्न

वहीं, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर परी चौक मेट्रो स्टेशन के पास निर्माणाधीन यूटर्न इस माह चालू हो जाएगा। इंडिया एक्सपो मार्ट से नोएडा और दिल्ली के लिए जाने वाले वाहन इस यूटर्न का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे परी चौक पर ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा। जाम की समस्या से कुछ हद तक राहत मिल जाएगी।

परियोजना विभाग के अधिकारी के मुताबिक अगले महीने 25 से 29 सितंबर तक एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला को देखते हुए इस यूटर्न का काम प्रमुखता के आधार पर किया जा रहा है। व्यापार मेले में प्रतिदिन एक लाख से अधिक लोग आते हैं। ऐसे में परी चौक और उसके आसपास के इलाके लंबा जाम लग जाता है। अधिकारी के मुताबिक इस यूटर्न के बनने पर एक्सपो मार्ट से नोएडा और दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन परी चौक पर नहीं आएंगे। यूटर्न की मदद से एक्सप्रेसवे पर पहुंच जाएंगे। पहले इस यूटर्न को 12 अगस्त तक तैयार करने लक्ष्य रखा गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित बायो एनर्जी एक्सपो में आना प्रस्तावित था। कार्यक्रम रद्द होने पर यूटर्न का काम धीमा हो गया।

राहत की उम्मीद

परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम ने बताया कि इस यूटर्न को अगले तीन दिनों में तैयार कर चालू करने का लक्ष्य है। प्राधिकरण इस यूटर्न को यूपी ट्रेड शो को ध्यान में रखकर बना रहा है, ताकि बड़े आयोजनों के दौरान यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। सीईओ रवि कुमार एनजी द्वारा विशेष निर्देश दिए गए हैं। बता एक्सपो मार्ट में बड़े कार्यक्रमों के आयोजन के दौरान जाम लग जाता है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsग्रेटर नोएडा के 10 सेक्टरों के लिए गुड न्यूज! परी चौक के पास नया यूटर्न जल्द