दिल्ली में GRAP-2 लागू और BS-6 बैन: आज बॉर्डर से कितने वाहन लौटे, कितने कटे चालान?
ग्रैप-2 और बीएस-6 वाहन बैन होने के चलते पड़ोसी राज्यों से सटे बॉर्डर पर निगरानी तेज हो रही है। जानिए आज 4 नवंबर को कितने वाहन वापस लौटे और कितने के चालान कटे।

दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तहत बुधवार को बॉर्डर पर वाहनों की जांच के दौरान 2818 वाहनों को वापस लौटा दिया गया। ये वाहन निर्धारित प्रदूषण मानकों पर खरे नहीं उतरने के कारण दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सके। ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को रात आठ बजे तक कुल 7048 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 84 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि दो वाहनों को जब्त किया गया।प्रदूषण नियंत्रण के लिए दिल्ली के विभिन्न बॉर्डर पर दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। बीएस-6 से कम मानक वाले वाहनों को दिल्ली में प्रवेश से रोका जा रहा है।
जानिए 1 नवंबर को क्या हालात रहे थे
आपको बता दें कि बीते दिन भी परिवहन विभाग और दिल्ली पुलिस ने राजधानी के अलग-अलग बॉर्डर पर कार्रवाई की थी। दोनों दलों की करीब 40 टीमें तैनात की गई थीं। इन टीमों में लगभग 250 अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। पहले दिन कुल 7,249 वाहनों की जांच की गई। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें से 714 वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोककर वापस भेज दिया गया, जबकि 38 पुराने और निर्धारित जीवनकाल पूरा कर चुके वाहनों (End-of-Life Vehicles) को जब्त किया गया।
रविवार को चेकिंग के बावजूद अंदर घुसे वाहन
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार सुबह से ही गुरुग्राम से दिल्ली आने वाले प्रमुख रास्तों पर जांच अभियान शुरू कर दिया गया था। राजोकरी बॉर्डर, द्वारका एक्सप्रेसवे टोल, बिजवासन और कपासहेड़ा बॉर्डर पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग और गुरुग्राम पुलिस के अधिकारी तैनात थे। वाहनों के BS-VI मानक और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) समेत जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा रही थी।

