गोविंदपुरी अग्निकांड: मां-बेटे सहित एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, नानी-नातिन की हालत गंभीर
दिल्ली के गोविंदपुरी में देर रात एक 5 मंजिला मकान में लगी भीषण आग एक परिवार के लिए काल बन गई। इस हादसे में जहां मां-बेटे और बेटी की मौत हो गई। अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
दक्षिणी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में देर रात हुए भीषण अग्निकांड ने एक परिवार को बड़ा गहरा जख्म दे दिया। आग की इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की आग में झुलसकर मौत हो गई, जबकि परिवार की दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय पंकज, उसकी 50 वर्षीय मां गुड्डी और 20 वर्षीय बहन सोनी के रूप में हुई है। घटना के वक्त तीनों तुगलकाबाद गांव स्थित मकान की तीसरी मंजिल पर मौजूद थे, जब रात के समय अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण परिवार के सदस्य उसकी चपेट में आ गए। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन पंकज, उसकी मां और बहन को बचाया नहीं जा सका।
नानी और नातिन की हालत गंभीर
हादसे में पंकज की 18 वर्षीय बहन मोनी और उसकी करीब 70 वर्षीय नानी भी गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है। परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद अब परिजनों की निगाहें मोनी और उसकी नानी के स्वास्थ्य पर टिकी हुई हैं।
दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना रात करीब 2:25 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और आग पर काबू पाने के साथ बचाव अभियान शुरू किया गया। राहत दल ने इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, आग लगने के कुछ ही मिनटों में पूरा फ्लोर धुएं और लपटों से भर गया था, जिससे लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका। इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
रात में ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे
दिल्ली पुलिस ने बताया कि 12 जून को 2.24 बजे गोविंदपुरी के तुगलकाबाद एक्सटेंशन की एक पांच मंजिला रिहायशी बिल्डिंग में आग लगने की घटना के बारे में गोविंदपुरी थाने में एक पीसीआई कॉल आई थी। इस पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, फिर कुछ ही देर में डीसीपी से लेकर एसीपी और एसएचओ तक आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और फंसे हुए लोगों को बचाने का काम शुरू किया गया। पुलिस और दमकल विभाग द्वारा भारी धुएं में फंसे कुल 8 लोगों को रेस्क्यू किया गया और उन्हें सफदरजंग हॉस्पिटल और एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। इनमें से एक लड़के और दो महिलाओं के मरने की पुष्टि हुई है, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
शुरुआती जांच से पता चला है कि आग ग्राउंड फ्लोर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी लगी थी, जिसने तेजी से वहां खड़े 7 बाइक और स्कूटरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें चार्ज पर लगा एक इलेक्ट्रिक स्कूटर भी शामिल है। आगे की जांच जारी है


