दिल्ली में आग की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए नई रणनीति बना रही सरकार

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

राजधानी दिल्ली में आग की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए दिल्ली सरकार विशेष रणनीति पर काम कर रही है। इसके तहत दिल्ली अग्निशमन सेवा संवेदनशील इलाकों की पहचान कर रही है। इन इलाकों में आपात स्थिति में दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाना है।

दिल्ली में आग की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए नई रणनीति बना रही सरकार

दिल्ली सरकार का उद्देश्य राजधानी में आग लगने की घटनाओं में जान-माल के नुकसान को कम करना और आपात स्थिति में दमकल विभाग की त्वरित कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है। इसके लिए सरकार एक विशेष रणनीति पर काम कर रही है। इसके तहत उन क्षेत्रों का विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है, जहां आग लगने की घटनाएं अपेक्षाकृत अधिक होती हैं। इसके अलावा आग लगने के प्रमुख कारणों का भी विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि जोखिम वाले इलाकों की स्पष्ट पहचान कर वहां जरूरी संसाधनों और व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा सके।

रिस्पॉन्स टाइम कम करने पर फोकस

दमकल विभाग का मानना है कि किसी क्षेत्र के जोखिम और भौगोलिक परिस्थितियों को समझकर पहले से तैयारी करने पर घटनास्थल तक पहुंचने का समय कम किया जा सकता है। इससे आग पर तेजी से काबू पाया जा सकेगा और नुकसान भी सीमित रहेगा। इसी उद्देश्य से संवेदनशील इलाकों में अत्याधुनिक अग्निशमन उपकरणों, विशेष वाहनों और अन्य जरूरी संसाधनों की तैनाती की योजना बनाई जा रही है। विभाग का मानना है कि बेहतर तैयारी और स्थानीय सहयोग से आग से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

सुरक्षा नियमों के सख्त पालन के निर्देश

हाल ही में डीडीएमए की एक उच्चस्तरीय बैठक उपराज्यपाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में फायर सेफ्टी लाइसेंस के दुरुपयोग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया गया कि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए, लेकिन आम लोगों को अनावश्यक परेशान न किया जाए।

जागरुकता और मॉक ड्रिल पर भी जोर

दमकल विभाग केवल संसाधन बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लोगों को जागरूक भी करेगा। इसके लिए आरडब्ल्यूए, मार्केट एसोसिएशन और धार्मिक संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। संवेदनशील इलाकों में नियमित मॉक ड्रिल आयोजित की जाएंगी, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में लोग घबराने के बजाय सही कदम उठा सकें।

फायर फाइटिंग मास्टर प्लान पर तेजी से काम

दिल्ली सरकार राजधानी के लिए एक व्यापक ‘फायर फाइटिंग मास्टर प्लान’ तैयार कर रही है। इसके तहत सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों का विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। जोखिम वाले स्थानों, सुरक्षा संबंधी कमियों और संभावित चुनौतियों की पहचान की जाएगी। योजना के तहत दूर-दराज और संवेदनशील क्षेत्रों में नए फायर स्टेशन स्थापित करने पर भी विचार किया जा रहा है। इसके अलावा तंग गलियों, घनी आबादी वाले क्षेत्रों और ऊंची इमारतों में प्रभावी कार्रवाई के लिए आधुनिक फायर टेंडर और उन्नत उपकरणों को बेड़े में शामिल किया जाएगा।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।