लोनी में रहने वालों के लिए गुड न्यूज! सभी 55 वार्डों में बनेंगे रैंप और पुलिया; जानें कब शुरू होगा काम

Mar 09, 2026 02:44 pm ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी में आवागमन को बेहतर बनाने और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं को दूर करने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर पालिका परिषद ने सभी वार्डों में पुलिया और रैंप निर्माण की योजना बनाई है। इन कार्यों पर करीब 11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

लोनी में रहने वालों के लिए गुड न्यूज! सभी 55 वार्डों में बनेंगे रैंप और पुलिया; जानें कब शुरू होगा काम

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी में आवागमन को बेहतर बनाने और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं को दूर करने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर पालिका परिषद ने सभी वार्डों में पुलिया और रैंप निर्माण की योजना बनाई है। इन कार्यों पर करीब 11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

लोनी में नालियों और छोटे नालों पर बनीं अधिकांश पुलिया जर्जर हो चुकी हैं। इसके चलते लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है। इसके लिए नगर पालिका ने योजना तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत वार्ड एक से वार्ड 55 तक विभिन्न स्थानों पर पुलिया निर्माण और रैंप बनाने के कार्य कराए जाएंगे। हर वार्ड में अलग अलग स्थानों पर यह काम कराया जाएगा। प्रत्येक कार्य की अनुमानित लागत 20 लाख रुपये से अधिक है। 55 वार्ड में करीब 11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

अप्रैल से निर्माण कार्य शुरू होगा

नगर पालिका अधिकारियों के मुताबिक, इसी माह टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद फर्म चयनित कर कार्य शुरू कराए जाएंगे। योजना के अनुसार, अप्रैल से निर्माण कार्य शुरू होगा। इसे एक साल में पूरा करना होगा। अभी यह समस्या पूरे लोनी क्षेत्र में है, इसलिए सर्वे कराकर हर स्थान को चिह्नित किया गया है। कार्य पूरा होने से पूरे लोनी क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोगों को काफी सहूलियत मिल सकेगी।

जलभराव से चलने में परेशानी

लोनी की कई कॉलोनियों और मोहल्लों में लंबे समय से पुलिया और रैंप न होने लोगों को काफी परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर नालियों के ऊपर पुलिया न होने के कारण लोगों को अपने घरों तक पहुंचने में दिक्कत होती है। कहीं पुरानी पुलिया हैं तो वे टूट चुकी हैं। बरसात के समय यह समस्या और गंभीर हो जाती है। नालियों में पानी भर जाने के कारण लोग पार नहीं कर पाते। कई बार छोटे वाहन भी कॉलोनियों के अंदर नहीं पहुंच पाते। स्थानीय लोगों की ओर से लंबे समय से इन स्थानों पर पुलिया और रैंप बनवाने की मांग की जा रही थी।

आवागमन आसान हो सकेगा

जर्जर पुलिया होने से गलियों में गंदगी भी फैल रही है। पानी की निकासी बाधित होने से गंदा पानी गली और सड़कों पर भर जाता है। पुलिया और रैंप बनने से इन समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी। नालियों के ऊपर मजबूत रास्ता बनने से पैदल चलने वालों के साथ साथ छोटे वाहन भी आसानी से कॉलोनियों के अंदर तक पहुंच सकेंगे। बरसात के मौसम में भी लोगों को आवागमन में दिक्कत नहीं होगी।

केके मिश्र, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद्, लोनी, ''सभी वार्डों से शिकायतें आ रही थीं कि पुलिया और रैंप जर्जर होने से समस्या हो रही है। इसके लिए सर्वे करा योजना तैयार की है। टेंडर प्रक्रिया पूरी कर अगले माह से निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।