काम की बात: लोनी में रहने वालों के लिए अच्छी खबर! 10 इलाकों में नाले और सड़कें होंगी दुरुस्त
Ghaziabad News : गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में 10 इलाकों में जलभराव और जर्जर सड़कों की समस्या दूर करने के लिए 3.75 करोड़ रुपये की योजना बनाई है। इसके तहत नाले और नालियों का निर्माण कराया जाएगा।

Ghaziabad News : गाजियाबाद के लोनी में रहने वालों के लिए अच्छी खबर है। लोनी नगरपालिका ने क्षेत्र में जलभराव और जर्जर सड़कों की समस्या दूर करने के लिए 3.75 करोड़ रुपये की योजना बनाई है। इसके तहत 10 इलाकों में नाले और नालियों का निर्माण कराया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसे पूरा कर जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
लोनी के कई इलाकों में नाले और नालियां जर्जर हो चुकी हैं। वहीं, कुछ नए बसे इलाकों में नालियां न होने से जलभराव हो रहा है। नालियों का पानी गलियों में बहने से गंदगी भी बढ़ रही है। लोगों ने इस संबंध में नगर पालिका को शिकायत भी की थी। लगातार आ रही शिकायतों को देखते हुए नगर पालिका ने इन इलाकों का सर्वे कराया और लोगों को जलभराव से निजात दिलाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया।
पौने चार करोड़ की योजना बनाई गई
इसी के तहत पौने चार करोड़ की योजना बनाई गई है। इसमें उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है, जहां लंबे समय से जलभराव और खराब सड़कों की समस्या बनी हुई है। इन कार्यों में सड़कों की मरम्मत के साथ-साथ कुछ जगह गलियां भी बनाई जाएंगी। जहां आवश्यकता होगी, वहां आरसीसी की गली व नालों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि ये जल्दी खराब न हों। अधिकारियों के अनुसार इस पर जल्द काम शुरू किया जाएगा।
बारिश में अधिक परेशानी
जल निकासी बाधित होने से इन इलाकों में फिलहाल गंदगी बढ़ रही है। बारिश न होने पर भी कई जगहों पर गलियों में पानी भरा हुआ है। इस कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। बरसात में हालात और बिगड़ जाते हैं। मॉनसून में भारी बारिश के दौरान इन इलाकों की स्थिति बदतर हो जाती है। लोगों का घर से निकलना भी दूभर होता है।
इन क्षेत्रों में राहत मिलेगी
योजना में रूप नगर, बलराम नगर, संगम विहार, विकास नगर, सेवाधाम मार्ग से जुड़ी कॉलोनियां, इंद्रापुरी और लक्ष्मी गार्डन जैसे क्षेत्र शामिल किए गए हैं। इन इलाकों में नाले और नालियों की स्थिति ज्यादा खराब है। इस कारण 50 हजार से अधिक लोगों को परेशानी हो रही है। कार्य पूरा होने से लोगों को खराब होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
तीन माह में कार्य होंगे
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार्य जल्दी पूरे होते हैं तो बरसात में जलभराव और जाम की समस्या से राहत मिल सकेगी। फिलहाल क्षेत्रवासियों को कार्य शुरू होने का इंतजार है। अधिकारियों का कहना है कि कार्य पूरा करने के लिए तीन माह का समय तय हुआ है। तय समय में ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
केके मिश्र, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, लोनी, ''समस्या वाले इलाकों में नाले और नालियों का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। इसी मॉनसून में अधिकांश इलाकों में जलभराव की समस्या दूर कर दी जाएगी।''


