काम की बात: किसानों की बल्ले-बल्ले! यमुना एक्सप्रेसवे के लिए जमीन देने वालों को टोल टैक्स से मिलेगी छूट

हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
Follow us on Google News
share

यमुना एक्सप्रेसवे के लिए अपनी जमीनें देने वाले किसानों और उनके बेटों को जेवर टोल प्लाजा तक टोल टैक्स से छूट मिलेगी। इस छूट का लाभ उठाने के लिए किसानों को अपने पहचान पत्र और गाड़ी की आरसी जैसे कई जरूरी कागज जमा कराने होंगे।

farmers yamuna expressway

किसानों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे के लिए जमीन देने वाले जेवर के किसान अब टोल फ्री यात्रा कर सकेंगे। इसके लिए सात गांवों में अभियान चलाया गया। वहीं, 40 किलोमीटर के मध्य भूमि देने वाले किसानों के दस्तावेज जमा किए गए।

यमुना एक्सप्रेसवे के सहायक महाप्रबंधक जेके शर्मा ने बताया कि ऐसे किसान और भूस्वामियों को फॉर्म संख्या-11, मतदाता पहचान पत्र, वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, मोबाइल नंबर एवं वर्तमान पते की कॉपी जमा कराने के लिए कहा गया था। इसके लिए अंतिम तिथि 15 जून है। यह दस्तावेज किसानों को जेवर टोल प्लाजा स्थित परियोजना कार्यालय में देने होंगे।

जेवर तक सफर के लिए नहीं देना होगा टोल टैक्स

एक्सप्रेसवे प्रबंधन की टीम ने रविवार को किसानों के रियायती पास बनाने के लिए रोनीजा, नीलोनी मिर्जापुर, अच्छेजा, रीलखा, सलारपुर, भाईपुर ब्राह्मण आदि गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया। अब से जिस किसान ने एक्सप्रेसवे के लिए जमीन दी है, उसके और उसके बेटों के नाम पर रजिस्टर्ड गाड़ियों को जेवर तक सफर करने के लिए कोई टोल टैक्स नहीं देना होगा।

बता दें कि, ग्रेटर नोएडा के परी चौक से आगरा तक बने इस 165 किलोमीटर लंबे 6 लेन यमुना एक्सप्रेसवे से सटे गांवों के किसान और उनके परिवार काफी लंबे समय से अपने लिए टोल टैक्स से छूट की मांग कर रहे थे।

रोजगार न मिलने पर प्रदर्शन किया

वहीं, नोएडा एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले युवा स्थाई नौकरी न मिलने से निराश हैं। वे दो दिनों से एयरपोर्ट के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। रविवार को भी युवाओं ने प्रदर्शन कर स्थायी नौकरी की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी।

युवाओं ने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले 14 गांवों के 335 युवाओं को स्थायी नौकरी देने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक नौकरी नहीं मिल पाई है। नायल ने एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले युवाओं को रोजगार देने के लिए पोर्टल बनाया है। इस पोर्टल पर 180 से अधिक युवा रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। युवाओं का आरोप है कि अधिकारियों ने उन्हें नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन आजतक उन्हें ऑफर लेटर नहीं मिले।

पश्चिमी यूपी की तस्वीर बदलेगा नोएडा एयरपोर्ट

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने भाषणों में कई बार यह कह चुके हैं कि नोएडा एयरपोर्ट पूरे प्रदेश के लिए ग्रोथ इंजन साबित होगा। इससे न सिर्फ गौतमबुद्धनगर बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को फायदा होगा। इससे राज्य का व्यापार भी आगे बढ़ेगा। एयरपोर्ट बनने से गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़ तथा हरियाणा के जिलों में अनेक अहम परियोजनाएं आई हैं। गौतमबुद्धनगर जिले में सबसे अधिक निवेश का प्रमुख कारण यह एयरपोर्ट ही है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsयमुना एक्सप्रेसवे के लिए जमीन देने वाले किसानों को टोल टैक्स से मिलेगी छूट