द्वारका एक्सप्रेसवे से सुरंग के जरिये जुड़ेगी ग्लोबल सिटी, दिल्ली एयरपोर्ट तक सिग्नल-फ्री रोड
गुरुग्राम में एक हजार एकड़ में सिंगापुर की तर्ज पर बनने जा रही ग्लोबल सिटी को करीब 150 मीटर लंबी एक सुरंग के जरिये द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इसके बनने से दिल्ली एयरपोर्ट तक आना जाना आसान हो जाएगा।

गुरुग्राम में ग्लोबल सिटी को द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए एक सुरंग का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना को प्रमुख सचिव ने मंजूरी दे दी है। इस सुरंग के बनने से काफी लाभ होगा। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) के प्रबंध निदेशक (एमडी) सुशील सारवान ने निर्माण शुरू करने के लिए एनएचएआई को पत्र लिखा है।
एचएसआईआईडीसी के अनुसार, ग्लोबल सिटी में प्रवेश-निकासी के लिए 150 मीटर सुरंग (टनल) का निर्माण किया जाना है। ट्रैफिक को सिग्नल-मुक्त बनाने के लिए 923 करोड़ खर्च आएगा। इस टनल को द्वारका एक्सप्रेसवे और जयपुर हाईवे से निर्बाध कनेक्टिविटी होगी।
कनेक्टिविटी बेहतर होगी
इसके लिए एनएचएआई द्वारा 923 करोड़ की लागत से 150 मीटर लंबा और चार लेन का अंडरपास और ट्रम्पेट इंटरचेंज बनाया जाएगा। काम कब शुरू होगा, इसके बारे में एनएचएआई से पूछा गया है। जब यह बनकर तैयार हो जाएगी तो इससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
सिग्नल-फ्री होगा दिल्ली एयरपोर्ट तक का रोड
यह टनल परियोजना ग्लोबल सिटी और पास की विजन सिटी को द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ेगी, जिससे दिल्ली के एयरपोर्ट तक सिग्नल-फ्री रोड मिलेगा। सिंगापुर की तर्ज पर बनाई जा रही एक हजार एकड़ की इस ग्लोबल सिटी के बुनियादी ढांचे (फर्स्ट फेज) को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
ढांचागत विकास पर जोर दे रहे
एचएसआईआईडीसी के एमडी ने कहा कि ग्लोबल सिटी के ढांचागत विकास पर जोर देना शुरू कर दिया है। जून 2027 तक फर्स्ट फेज का काम पूरा करने का लक्ष्य है। इसमें सड़क, बिजली, पानी, सीवर समेत कई अन्य सुविधाओं पर जोर दिया जाएगा। 10.5 किलोमीटर लंबा यूटिलिटी सिस्टम तैयार करना है। इसका 60 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
गुरुग्राम सेक्टर-78 में जल्द बनेगी सर्विस रोड
इसके साथ ही गुरुग्राम सेक्टर-78 और सेक्टर-79 को विभाजित कर रही मुख्य सड़क के दोनों तरफ सर्विस रोड का निर्माण जल्द शुरू होगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने एक कंपनी को टेंडर आवंटित कर दिया है। माना जा रहा है कि बारिश के रुकने के बाद निर्माण शुरू हो जाएगा। टेंडर आवंटन के एक साल के अंदर ठेकेदार को इस रोड का निर्माण करना है। जीएमडीए ने इस मुख्य सड़क को तीन-तीन लेन का बनाया हुआ है। इस रोड पर वाहन तेज रफ्तार से दौड़ते हैं। ऐसे में आसपास विकसित सोसाइटियों से निकल रहे वाहनों के अचानक इस मुख्य सड़क पर आने की वजह से हादसा होने का डर रहता है। ऐसे में जीएमडीए की तरफ से करीब तीन महीने पहले टेंडर जारी किया था।
जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा के सामने इस टेंडर को मंजूरी के लिए रखा गया था, जिसे सीईओ ने मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके साथ सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी को टेंडर आवंटित कर दिया है। इस सर्विस रोड के निर्माण पर करीब 4.62 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मुख्य सड़क में दोनों तरफ करीब दो-दो किमी लंबी सर्विस रोड बनाई जाएगी। सेक्टर-79 स्थित मैप्सको माउंट विले सोसाइटी की आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान धीरेंद्र सिंह ने बताया कि सर्विस रोड के बनने सोसाइटियों को लाभ मिलेगा।


