
अश्लील वीडियो बनाकर युवती से ब्लैकमेलिंग
इंस्टाग्राम पर दोस्त बने आरोपी की करतूत रकम न मिलने पर वीडियो वायरल किया गाजियाबाद,
गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। कविनगर थानाक्षेत्र में होटल में ले जाने के बाद अश्लील वीडियो बनाकर युवती से ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पीड़िता के मुताबिक आरोपी से उसका संपर्क इंस्टाग्राम पर हुआ था। आरोपी उसे ब्लैकमेल कर पहले 50 हजार और फिर एक लाख रुपये मांगने लगा। रकम न मिलने पर उसने वीडियो वायरल कर दिया। कविनगर थानाक्षेत्र के गांव में रहने वाली युवती ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में बताया कि इंस्टाग्राम पर उसकी जान-पहचान वसुंधरा एन्क्लेव-ईस्ट दिल्ली निवासी वंश नाम के युवक से हुई थी। वंश ने नंबर मांगकर उससे मोबाइल पर बात शुरू की और धीरे-धीरे उस पर भरोसा जमा लिया।
उसी दौरान वह अक्सर उससे मिलने उसके घर के आसपास आने लगा। युवती का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर वंश उसे दो बार ओयो होटल ले गया। वहीं उसने उसे शराब मिलाकर पिला दी, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। बेहोश होने के बाद उसने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने 50 हजार रुपये नहीं दिए तो उसका अश्लील वीडियो वायरल कर देगा। विरोध करने पर वसूली की रकम 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी। आरोप है कि रकम न देने पर आरोपी ने वीडियो व्हाट्सऐप ओर अन्य सोशल मीडिया ग्रुप में वायरल कर दिया। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य का कहना है कि शिकायत पर तीन दिसंबर को कविनगर थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




