हादसे के बाद मददगार बना चोर, पीड़ित की बाइक ले भागा

Newswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
share

गाजियाबाद के कविनगर में एक युवक की बाइक ट्रक की टक्कर के बाद चोरी हो गई। पीड़ित कुश शर्मा ने एक अज्ञात युवक की मदद से ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वही युवक उनकी बाइक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

हादसे के बाद मददगार बना चोर, पीड़ित की बाइक ले भागा

-कविनगर क्षेत्र में ट्रक की टक्कर के बाद टूट गया था राजनगर निवासी युवक का मोबाइल फोन -पीड़ित को उसकी बाइक पर बैठाकर ट्रक रुकवाया, उतरते ही बाइक ले उड़ा आरोपी, केस दर्जगाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। कविनगर थानाक्षेत्र में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां सड़क हादसे के बाद मदद करने का भरोसा दिलाने वाला युवक ही पीड़ित की बाइक लेकर फरार हो गया। इस घटना में पीड़ित को एक ही दिन में हादसे और चोरी, दोनों का सामना करना पड़ा। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।राजनगर सेक्टर-सात में रहने वाले कुश शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते 11 अप्रैल की रात करीब आठ बजे वह अपनी बाइक पर लालकुआं की ओर जा रहे थे।

जैसे ही वह लालकुआं पुल के नीचे पहुंचे तो एक ट्रक की साइड लगने से उनकी बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। इस दौरान उनका मोबाइल फोन ट्रक के टायर के नीचे आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वह खुद को संभाल ही रहे थे कि तभी मौके पर एक अज्ञात युवक पहुंचा। उसने हमदर्दी दिखाते हुए ट्रक चालक को पकड़ने में मदद करने की बात कही। कुश शर्मा के मुताबिक युवक के कहने पर उन्होंने उसे अपनी बाइक चलाने दी और खुद पीछे बैठ गए। दोनों ट्रक का पीछा करते हुए करीब सौ मीटर आगे दादरी रोड की ओर बढ़े। कुश शर्मा का कहना है कि कुछ दूरे पहुंचकर वह बाइक से उतर गए और ट्रक को रोककर उसकी चाबी निकाल ली। इसी दौरान मौका पाकर साथ आया युवक उनकी बाइक लेकर फरार हो गया। कुछ ही पलों में वह आंखों से ओझल हो गया और वह सड़क पर खड़े रह गए। घटना के बाद उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। हादसे की अफरातफरी में वह ट्रक का नंबर भी नोट नहीं कर सके। बाद में उन्होंने 12 अप्रैल को कविनगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य का कहना है कि अज्ञात ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने तथा अज्ञात युवक के खिलाफ बाइक चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।