Ghaziabad News: जिले के आठ हजार से अधिक शिक्षकों, कर्मचारियों को पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की सौगात

हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
Follow us on Google News
share

Ghaziabad News: योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत आठ हजार शिक्षकों और कर्मचारियों को मुफ्त चिकित्सा सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही 65,661 छात्रों को डीबीटी के जरिए यूनिफॉर्म और स्टेशनरी के लिए धनराशि हस्तांतरित की गई।

Ghaziabad News: जिले के आठ हजार से अधिक शिक्षकों, कर्मचारियों को पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की सौगात

Ghaziabad News: - वाराणसी से सीएम योगी ने किया कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, जिला स्तर पर हिंदी भवन में हुआ आयोजन - जिलास्तरीय कार्यक्रम में शिक्षकों-कर्मचारियों को वितरित किए योजना के कार्ड

- 65,661 हजार छात्र-छात्राओं को डीबीटी के जरिए यूनिफॉर्म और स्टेशनरी की धनराशि भी हस्तांतरित की

गाजियाबाद, गुलशन भारती। जिले के आठ हजार शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सरकार ने मुफ्त चिकित्सा सुविधा का तोहफा दिया है। बुधवार को वाराणसी में आयोजित प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना का शुभारंभ किया। इसी क्रम में जिलास्तरीय कार्यक्रम हिंदी भवन में हुआ, जहां मुख्यमंत्री कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। साथ ही जिले के शिक्षकों को योजना कार्ड और छात्रों को डीबीटी राशि हस्तांतरित की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि

हिंदी भवन में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रही है। शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की जनहितकारी एवं संवेदनशील सोच का प्रमाण है। उन्होंने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया。

मुख्य बातें

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना तथा विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से दी जा रही सहायता शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाएगी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पूर्ण पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सांकेतिक रूप से कुछ शिक्षकों-कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा योजना कार्ड वितरित किए। इस मौके पर छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर शिक्षा का महत्व बताया। कार्यक्रम का संचालन डायट प्रवक्ता पवन कुमार भाटी ने किया।

कार्यक्रम में उपस्थित

इस अवसर पर मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, शहर विधायक संजीव शर्मा, सीडीओ कुमार सौरभ, जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्धप्रिय सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य प्रबंधक आकांक्षा त्रिपाठी एवं एससीएम रविंद्र गहलोत आदि उपस्थित रहे। इसी के साथ ब्लॉक स्तर पर भी प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया, जहां ब्लॉक अधिकारियों ने कार्यक्रम की कमान संभाली।

जिले के आठ हजार से अधिक शिक्षक-कर्मचारी होंगे लाभांवित

सरकार की कैशलेस चिकित्सा योजना से जिले के बेसिक और माध्यमिक के करीब आठ हजार से अधिक शिक्षक और कर्मचारी लाभांवित होंगे। इसके तहत हर वर्ष पांच लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। शिक्षा विभाग के मुताबिक इसमें पांच हजार से अधिक शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी माध्यमिक शिक्षा विभाग के हैं। योजना के दायरे में बेसिक शिक्षा विभाग के करीब दो हजार शिक्षक, 454 शिक्षामित्र, 80 अनुदेशक और 1479 रसोइयों को भी लाभ मिलेगा।

छात्रों को डीबीटी का लाभ

कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ के साथ-साथ बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों को डीबीटी के जरिए स्कूल यूनिफॉर्म और स्टेशनरी की धनराशि भी हस्तांतरित की गई। इसके तहत जिले के 65 हजार 661 विद्यार्थियों के खातों में सीधे सात करोड़ 87 लाख 93 हजार 200 रुपये भेजे गए। प्रत्येक विद्यार्थी को यूनिफॉर्म, स्टेशनरी, जूते-मौजे और स्कूल बैग के लिए 1200 रुपये दिए गए हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦योगी आदित्यनाथ ने कहां कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया?−
योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsNcr NewsGhaziabad NewsGhaziabad News: जिले के आठ हजार से अधिक शिक्षकों, कर्मचारियों को पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की सौगात