Ghaziabad News: मदद मांगने के बहाने महिला को अचेत कर जेवर उड़ाए
Ghaziabad News: गाजियाबाद की गोविंदपुरम स्थित बाबा मार्केट में सब्जी खरीदने गई महिला को तीन अज्ञात महिलाओं ने मदद मांगने के बहाने धोखा दिया। महिला को अचेत करके उसके जेवर चुरा लिए गए। होश आने पर महिला ने शिकायत की, जिसके बाद कविनगर पुलिस ने जांच शुरू की है।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। गोविंदपुरम की बाबा मार्केट में सब्जी खरीदने गई महिला को तीन अज्ञात महिलाओं ने मदद मांगने के बहाने अपने झांसे में ले लिया और अचेत करके उसके जेवर लेकर फरार हो गईं। होश आने पर जेवर गायब देख पीड़िता को घटना को पता चला। कविनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गोविंदपुरम स्थित कृष्णा गार्डन निवासी अनीता देवी ने कविनगर थाने में शिकायत देकर बताया कि 30 जुलाई की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच बाबा मार्केट स्थित वृहस्पति बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान तीन महिलाएं उनके पास पहुंचीं और किसी स्थान का पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू कर दी।
आरोप है कि कुछ देर बातचीत के बाद तीनों महिलाओं ने ऐसा कुछ किया जिससे उन्हें अचेतपन महसूस होने लगा। अनीता देवी के मुताबिक, जब उन्हें दोबारा होश आया तो तीनों महिलाएं वहां से जा चुकी थीं। किसी तरह खुद को संभालकर वह घर पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने देखा कि उनके कान के टॉप्स, गले की चेन, चेन में लगा पेंडेंट और हाथ की एक अंगूठी गायब थी। इसके बाद उन्होंने कविनगर थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। एसीपी कविनगर सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी महिलाओं को चिन्हित करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।


