
दहेज प्रताड़ना और छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया
गाजियाबाद की एक महिला ने ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष ने उसे प्रताड़ित किया और मायके से लग्जरी गाड़ी लाने का दबाव बनाया। पीड़िता ने पुलिस आयुक्त को शिकायत दी और मामले की जांच शुरू हो गई है।
गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला ने नगर कोतवाली में ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का केस दर्ज कराया है। महिला ने ससुर पर छेड़छाड़ करने का आरोप भी लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच-पड़ताल कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता के मुताबिक उसकी शादी दिसंबर 2023 में नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले सुदीप के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में माता-पिता ने करीब 40 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास-ससुर, ननद, मौसेरी सास व उसके दो बेटे तथा जेठ-जेठानी उन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग मायके से लग्जरी गाड़ी दिलाने का दबाव डाल रहे थे। मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने मारपीट करते हुए उन्हें बेटी नव्या सहित घर से निकाल दिया। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने 25 अक्तूबर को डायल-112 पर शिकायत की और 29 अक्तूबर को पुलिस आयुक्त को प्रार्थना-पत्र दिया लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। महिला का कहना है कि जब वह 29 अक्तूबर की रात करीब नौ बजे भाई के साथ ससुराल लौटीं तो ससुर ने उनके साथ मारपीट और छेड़छाड़ की। यहां तक कि उनके कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता का कहना है कि वह पिता और भाई के साथ थाना कोतवाली और लोनी बॉर्डर थाने गईं, लेकिन दोनों ही थानों में उनकी सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर पीड़िता ने फिर से पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी का कहना है कि पांच नवंबर को ससुराल पक्ष के नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


