
पति पर मारपीट और हत्या के प्रयास का आरोप, केस दर्ज
गाजियाबाद की एक महिला ने अपने पति पर घरेलू हिंसा और अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद पति ने उसे प्रताड़ित करना शुरू किया और एक बार गला दबाकर हत्या करने का...
गाजियाबाद। क्रासिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र की सोसाइटी में रहने वाली महिला ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। महिला के मुताबिक पति ने न सिर्फ उसके साथ कई बार मारपीट की, बल्कि अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित भी किया और जान से मारने की कोशिश भी की। सुपरटेक लिविंग्सिटन सोसाइटी में रहने वाली अपूर्वा द्विवेदी का कहना है कि उनकी शादी 25 नवंबर 2022 को हरिओम त्रिवेदी के साथ हुई थी। पति सीएलएसआर में कार्यरत हैं और अकसर घर से बाहर रहते हैं। आरोप है कि पति ने शादी के कुछ समय बाद ही दस लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए उन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

पांच अक्तूबर की सुबह करीब 10 बजे पति ने बिना किसी कारण उनके साथ बुरी तरह मारपीट की और कमरे में बंद करने के बाद गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। किसी तरह उन्होंने जान बचाई और घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद उन्होंने भाई नीलेश द्विवेदी को फोन करके मदद मांगी। नीलेश ने तुरंत डायल-112 और क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना प्रभारी को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें अस्पताल भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया। आरोप है कि जांच रिपोर्ट थानाध्यक्ष के पास उपलब्ध होने के बावजूद तक कोई कार्यवाही नहीं की गई। अपूर्वा द्विवेदी ने यह भी बताया कि शादी के दौरान पति ने उनके माता-पिता से जबरन पांच लाख रुपये लिए थे और शादी के बाद उनके सारे जेवर बेच दिए। थक-हारकर पीड़िता ने पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल का कहना है कि 13 अक्तूबर को महिला के पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


