Hindi NewsNcr NewsGhaziabad NewsWoman Accuses Husband and Relatives of Abuse and Threats in Nandgram
पति और रिश्तेदार पर अश्लीलता का आरोप, केस दर्ज

पति और रिश्तेदार पर अश्लीलता का आरोप, केस दर्ज

संक्षेप:

गाजियाबाद के नंदग्राम थानाक्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और रिश्तेदारों पर मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और गला दबाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कहा कि आरोपियों ने उसे धमकी दी और उसकी संपत्ति पर कब्जा कर लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।

Jan 28, 2026 05:36 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
share Share
Follow Us on

-नंदग्राम थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला ने तरह-तरह से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया -पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी पुलिस गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। नंदग्राम थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला ने पति और रिश्तेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए मारपीट, गला दबाने की कोशिश, कपड़े खींचकर अश्लीलता और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। थानाक्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली महिला का कहना है कि बीती चार जनवरी की दोपहर करीब सवा 12 बजे वह अवकाश पर अपने घर पहुंची थी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

घर पर पति विनीत और रिश्तेदार अंशुमन मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ने उसे गंदी-गंदी गालियां दीं। विरोध करने पर दोनों ने उसे उठाकर सड़क पर फेंक दिया। इस दौरान पति ने उसका गला दबा लिया। मोहल्ले के लोगों के हस्तक्षेप से उसकी जान बच सकी। पीड़िता के मुताबिक आरोपियों ने उसके कपड़े खींचकर निर्लज्जता की और भविष्य में घर में घुसने पर हत्या की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उसके कपड़े, गहने और जरूरी दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हुए हैं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घर के अलग-अलग हिस्सों में कैमरे लगवा रखे हैं और वह उसकी निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर आत्महत्या के लिए उकसाते हैं। महिला का कहना है कि आरोपी उससे मायके से रुपये और सामान लाने का दबाव बनाते रहते हैं। पहले भी वह काफी धनराशि और सामान मायके से लाकर दे चुकी है, जिससे मकान, प्लॉट, कार और अन्य सामान खरीदे गए। इसके अलावा माता-पिता की संपत्ति से हिस्सा लाकर देने का भी दबाव भी उस पर बनाया जा रहा है। आरोप है कि उसका मोबाइल नंबर हैक कर दिया गया है, जिससे बैंक खाते और अन्य व्यवस्थाएं बंद हो गई हैं। पीड़िता ने आशंका जताई है कि उसके मोबाइल और कैमरों के दुरुपयोग से कोई भी अनैतिक कृत्य किया जा सकता है। घटना के संबंध में पीड़िता ने नंदग्राम थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय का कहना है कि 28 जनवरी को महिला के पति समेत दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और सभी आरोपों की बारीकी से पड़ताल कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।