पुलिस की अंतरजनपदीय भारोत्तोलन क्लस्टर प्रतियोगिता शुरू
गाजियाबाद में मेरठ जोन की तृतीय अंतरजनपदीय भारोत्तोलन क्लस्टर प्रतियोगिता शुरू हुई, जो 26 फरवरी तक चलेगी। पहले दिन, 79 और 88 किलोग्राम वर्ग में हापुड़ और सहारनपुर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन अतिरिक्त सीपी राज करन नैय्यर ने किया। विजेताओं को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

-पुलिस लाइन में 26 फरवरी तक चलेंगी भारोत्तोलन, योग और पावर लिफ्टिंग स्पर्धाएं -मेरठ जोन की प्रतियोगिता के 79 व 88 किलोग्राम वर्ग में हापुड़ व सहारनपुर के खिलाड़ियों ने बाजी मारी गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। मेरठ जोन की तृतीय अंतरजनपदीय भारोत्तोलन क्लस्टर प्रतियोगिता का शुभारंभ को रिजर्व पुलिस लाइन में किया गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता 26 फरवरी तक चलेगी, जिसमें भारोत्तोलन, योग एवं पावर लिफ्टिंग की विभिन्न भार वर्गों की स्पर्धाएं होंगी। मंगलवार को पहले दिन 79 व 88 किलोग्राम वर्ग में हापुड़ व सहारनपुर के खिलाड़ियों ने बाजी मारी। प्रतियोगिता का उद्घाटन मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे एडिशनल सीपी कानून व्यवस्था एवं यातायात राज करन नैय्यर ने किया।
उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, खेल भावना और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का संदेश देते हुए कहा कि खेल पुलिस बल में शारीरिक दक्षता के साथ-साथ मानसिक संतुलन और टीम भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। उद्घाटन अवसर पर डीसीपी ट्रांस हिंडन एवं लाइंस निमिष पाटील, एडीसीपी क्राइम व लाइंस पीयूष कुमार सिंह तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में मेरठ जोन के जनपद हापुड़, बुलंदशहर, बागपत, सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर के साथ ही कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर एवं कमिश्नरेट गाजियाबाद की टीमों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। विभिन्न भार वर्गों में कड़े मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। पावर लिफ्टिंग में दमखम दिखाया मंगलवार को आयोजित पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 79 किलोग्राम भार वर्ग में जनपद हापुड़ के मानवेंद्र शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बागपत के अमित कुमार द्वितीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार 88 किलोग्राम भार वर्ग में जनपद सहारनपुर के आकाश शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया तथा हापुड़ के जयबीर सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी टीम का मान बढ़ाया। विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों का कहना है कि आगामी दो दिनों में शेष भार वर्गों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


