
पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर पानी भरा
वसुंधरा सेक्टर-1 में पेयजल लाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण स्थानीय लोग तीन दिन से परेशान हैं। सड़क पर पानी बहने से जलभराव और आपूर्ति में कमी हो रही है। लोग बोतल बंद पानी खरीदने को मजबूर हैं। जलकल विभाग की लापरवाही से स्थिति और बिगड़ गई है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रांस हिंडन, संवाददाता। वसुंधरा सेक्टर-1 में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन के कारण पिछले तीन दिनों से लोग परेशानी झेल रहे हैं। लाइन में लीकेज होने से बड़ी मात्रा में साफ पानी सड़कों पर बह रहा है। इसके चलते स्थानीय लोगों को पर्याप्त पेयजल नहीं मिल पा रहा है। आपूर्ति के समय सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे लोगों को पैदल चलने में भी दिक्कत हो रही है। वसुंधरा सेक्टर-1 स्थित सरस्वती कुंज सोसाइटी के पार्क में बीते दिनों नलकूप लगाने के लिए बोरिंग का कार्य कराया गया था। इसकी लाइन को कुछ दिन पहले पेयजल लाइन से जोड़ा गया। इसके बाद से ही इलाके में जलभराव की समस्या बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लाइनों को जोड़ने के बाद लीकेज और क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि नहीं की गई। इस कारण बीते तीन दिन से सुबह और शाम पेयजल सड़कों पर बह रहा है। स्थानीय निवासी शैलेश पांडेय ने बताया कि सेक्टर-1 की मुख्य सड़क के नीचे से गुजर रही पेयजल पाइपलाइन करीब तीन दिन से क्षतिग्रस्त है। यहां सरस्वती कुंज सोसाइटी की बोरिंग लाइन को जोड़ने का कार्य किया गया था। इसके बाद से लगातार पानी सड़क पर फैल रहा है। पानी जमा होने से सड़क भी कमजोर होने लगी है। स्थानीय निवासी अजय कुमार ने बताया कि आपूर्ति के समय क्षतिग्रस्त लाइन से पानी सड़क पर बह जाता है, जिससे घरों तक कम पानी पहुंचता है। बीच में रिसाव के कारण दबाव कम हो जाता है और ऊपरी मंजिल तक पानी नहीं पहुंच पाता। लोगों का आरोप है कि जलकल विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते समस्या बनी हुई है। शिकायत करने के बावजूद मरम्मत कार्य नहीं कराया जा रहा है। लोगों का कहना है कि पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण घरों में पानी का दबाव बेहद कम हो गया है। कई घरों में दिन में कुछ समय के लिए ही पानी आ रहा है, जबकि कई स्थानों पर आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। लोगों को मजबूरी में बाजार से बोतल बंद पानी लाना पड़ रहा है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क पर जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वसुंधरा सेक्टर-1 के अलावा इंदिरापुरम अभयखंड-1 में भी गंदा पानी सड़क पर जमा है। इससे फिसलन हो गई है, जो दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बनी हुई है। पैदल चलने वालों को भी पानी और गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




