नाले की खोदाई के दौरान मकान की दीवार गिरी
इंदिरापुरम के अभयखंड में नाला निर्माण के दौरान खोदाई करते समय दो मकानों की दीवारें गिर गईं। स्थानीय लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाया। सौभाग्य से कोई हताहत नहीं हुआ। निगम अधिकारियों ने दीवारों की मरम्मत का आश्वासन दिया। जांच के बाद ठेकेदार को सावधानी बरतने के लिए कहा गया।
ट्रांस हिंडन, संवाददाता। इंदिरापुरम के अभयखंड में नाला निर्माण के दौरान सोमवार सुबह खोदाई के दौरान दो मकानों की बाहरी दीवार भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने नाला निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाया। साथ ही नगर निगम की कार्य प्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए रोष जताया। सूचना के बाद पहुंचे निगम अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि दीवार की मरम्मत कराई जाएगी। अभयखंड में सोमवार सुबह नाले के लिए मशीन से खुदाई की जा रही थी। आरोप है कि जल्दबाजी के चलते नाले की खोदाई के दौरान दीवार के नीचे से मिट्टी निकाल दी गई।
इससे दीवार हवा में लटक गई और कुछ ही पल में यह गिर गई। इस कारण दो मकानों को क्षति पहुंची, जिनकी बाहरी दीवार गिर गई। गनीमत थी कि साइट पर काम कर रहे कर्मचारियों ने इसे समय रहते देख लिया और भागकर अपनी जान बचा ली। जिस मकान की दीवार गिरी, उसमें रहने वाले रमेश राय ने आरोप लगाया कि निगम के अधिकारी कार्य की निगरानी नहीं कर रहे। अधिशासी अभियंता देशराज सिंह का कहना है कि साइट की नियमित रूप से निगरानी की जा रही है। दीवारों को बनाया जाएगा। हादसा क्यों हुआ, इसकी जांच की जाएगी। ठेकेदार को भी सावधानी बरतने को कहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




